कौशाम्बी : घर के अंदर फंदे पर लटकती मिली प्लंबर की लाश, पत्नी ने हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का लगाया आरोप
मोंगरी कड़ा गांव का दुर्गा प्रसाद प्लंबर का काम करता था। रक्षाबंधन पर दुर्गा की पत्नी माला अपने तीन बच्चों के साथ मायके मानपुर गौरा गांव गई थी। बुधवार सुबह करीब 11 बजे तक दुर्गा के घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी प्रधान यशवंत तिवारी को दी।
विस्तार

मौके पर पहुंचे प्रधान ने दरवाजा खोलने के लिए दुर्गा को काफी आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद घर के रोशनदान में लगी ईंट हटाकर देखा गया तो अंदर दुर्गा का शव फंदे से लटक रहा था। इस पर मामले की जानकारी दुर्गा की ससुराल में दी गई। सूचना पर दुर्गा की पत्नी माला बच्चों सहित रोते-बिलखते मौके पर पहुंची।
पत्नी की मौजूदगी में पुलिस ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। मामले में मृतक की पत्नी ने दो लोगों के खिलाफ हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया। इस बाबत उदिहिन बाजार चौकी प्रभारी रामसजीवन साहू का कहना है मामले की लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गा की पत्नी के सवाल
दुर्गा के मौत की मनहूस खबर सुन पहुंची उसकी पत्नी माला ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना था मंगलवार को पड़ोसी दंपती से पति का विवाद हुआ था। मारपीट के बाद से हमलावर दंपती घर से गायब हैं।
उसका कहना था पांच फिट का आदमी दस फिट ऊंची छत से स्टूल पर ख़ड़ा होकर कैसे फांसी लगाएगा। इसके अलावा मृतक का शव स्टूल पर घुटने के बल पर फंदे से टिका था। पत्नी के मुताबिक पति को शराब पीने की लत थी। रात को वह सो रहा होगा तभी रोशनदान के रास्ते हत्यारे घर में घुसे होंगे और हत्या करने के बाद शव फंदे से लटका कर लौट गए।