Kaushambi : हिनौता के सामने हाईवे पर डंपर-कार की भिड़ंत, निजी अस्पताल के डॉक्टर की मौत
महेवाघाट थाना क्षेत्र में हाईवे पर तेज रफ्तार ने एक और जान ले ली। हिनौता गांव के सामने मंगलवार को आमने-सामने हुई डंपर और कार की भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल निजी अस्पताल के डॉक्टर की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
विस्तार

जानकारी के अनुसार धाता थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी डॉ. अनिल सिंह राजापुर स्थित एक निजी अस्पताल में चिकित्सा कार्य करते थे। मंगलवार को ड्यूटी पूरी कर वह कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंझनपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने हिनौता गांव के सामने उनकी कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों एयरबैग खुल गए। टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे थानाअध्यक्ष महेवाघाट धीरेंद्र सिंह थाना ने घायल चिकित्सक को तत्काल अपने वाहन से पीएचसी सरसवां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही डॉक्टर ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पीछा कर फरार डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब एक सप्ताह पहले ही महेवाघाट थाना क्षेत्र में सरसवां पीएचसी के सामने कार और एंबुलेंस की टक्कर में मां-बेटे की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने हाइवे सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईवे पर जगह-जगह बने कट और गलत संकेतक जानलेवा साबित हो रहे हैं ।