संदीपनघाट कोतवाली के कसिया गांव में जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार चल रहे आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा की है। चिकवन का पूरा गांव निवासी राकेश कुमार दिवाकर 10 फरवरी 2026 की रात करीब आठ बजे मूरतगंज स्थित अपने कार्यालय से कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि राजा बरई के खेत के पास पहले से घात लगाए करीब छह से अधिक हमलावरों ने उनकी कार रोक ली। लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमलावर राकेश को लहूलुहान हालत में खेत में फेंककर फरार हो गए थे।
मामले में घायल की पत्नी आकांक्षा चौधरी की तहरीर पर कसिया निवासी हियात अली, उसके बेटे इस्तियाक अहमद सहित शमशेद अहमद, सरफराज, जुल्फीकार, मूरतगंज निवासी रेहान और चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद पांच आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि हियात अली अब तक फरार है। पुलिस के मुताबिक न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ 82 की कार्रवाई हो चुकी है। तय समय में न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। संवाद