PCS Exam : अफसर बनने की पहली परीक्षा से पहले ही 53 फीसदी अभ्यर्थियों ने खींच लिए कदम
पंजीकृत 1920 के सापेक्ष सिर्फ 902 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। डीएम, एसपी के साथ ही सभी जोनल,सेक्टर मजिस्ट्रेट मोबाइल रहकर परीक्षा की निगरानी करते रहे। सुकुशल परीक्षा संपन्न होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
विस्तार
सख्त पहरे के बीच रविवार को जिले के पांच केंद्रों पर दो पालियों में पीसीएस परीक्षा-2024 हुई। अफसर बनने की पहली परीक्षा से पहले ही 53 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपने कदम पीछे खींच लिए। पंजीकृत 1920 के सापेक्ष सिर्फ 902 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। डीएम, एसपी के साथ ही सभी जोनल,सेक्टर मजिस्ट्रेट मोबाइल रहकर परीक्षा की निगरानी करते रहे। सुकुशल परीक्षा संपन्न होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इस साल यूपी पुलिस पेपर लीक और आरओ/एआरओ परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के बाद आयोग किसी भी तरह का रिस्क लेने के लिए तैयार नहीं था। इसीलिए रविवार को हुई यूपीपीएससी पीसीएस परीक्षा केंद्र पर काफी सख्ती बरती गई। परीक्षा के लिए नियुक्त जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापक पूरे समय तक मुस्तैद रहे।
जिले में परीक्षा के लिए नेशनल इंटर कॉलेज भरवारी, हुबलाल इंटर कॉलेज भरवारी, एसएबी इंटर कॉलेज सैनी, सिराथू, कृषक इंटर कॉलेज हिनौता और करारी इंटर कॉलेज करारी को परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह 9:30 से आयोजित पहली पाली की परीक्षा के लिए घंटे भर पहले से ही केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। मुख्य गेट से प्रवेश के पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई।
निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने को लेकर डीएम मधुसूदन हुल्गी, एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के साथ केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। डीएम ने केंद्रों पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशील चेक की। सख्ती का असर रहा है कि पंजीकृत 1920 अभ्यर्थियों में सिर्फ 902 ही केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे। डीआईओएस सच्चिदाननंद यादव ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा से 1015 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा में इनमें से भी तीन कम हो गए। इस तरह से 1018 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
काट दिया कलावा, उतरवा लिए जूते और जैकेट
पीसीएस परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की रेटिना और बायोमेट्रिक चेकिंग की गई। इससे सिर्फ पंजीकृत अभयर्थियों को ही प्रवेश मिल सका। ठंड के बावजूद अभ्यर्थियों के जैकेट, जूते और टोपी उतरवा ली गई थी। सिर्फ यहीं नहीं, कुछ परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले महिला अभ्यर्थियों से कुंडल, अंगूठी और कड़े भी उतरवा दिए गए। कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों के कलावा और धागा भी काटे गए।
जिले के पांचों केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा कराई गई। प्रत्येक केंद्र पर महिला पुलिस के साथ ही अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी लगाया गया था। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दोनों पालियों में तकरीबन 47 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। - मधुसूदन हुल्गी, डीएम