Kaushambi : मोबाइल शॉप में चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार, 30 अक्तूबर की रात हुई थी घटना
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गनेशपुर कटरी निवासी आशीष जायसवाल ने पश्चिमशरीरा बाजार में जायसवाल मोबाइल एंड इलेक्ट्रानिक हब के नाम से दुकान खोली है। 30 अक्तूबर की रात दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल चोर पार कर ले गए थे।
विस्तार
पखवाड़े भर पहले एक मोबाइल शॉप में हुई लाखों की चोरी का पश्चिमशरीरा पुलिस ने रविवार को खुलासा कर लिया है। फतेहपुर के सरगना समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 28 एंड्रायड फोन बरामद करने का दावा किया है। बरामद मोबाइल की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गनेशपुर कटरी निवासी आशीष जायसवाल ने पश्चिमशरीरा बाजार में जायसवाल मोबाइल एंड इलेक्ट्रानिक हब के नाम से दुकान खोली है। 30 अक्तूबर की रात दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल चोर पार कर ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे में जुटी पुलिस टीम को शनिवार रात कामयाबी मिल गई।
सीओ सिटी व पश्चिमशरीरा पुलिस की टीम ने शनिवार रात फतेहपुर के मोहिद्दीनपुर खखरेरू निवासी मोनू पाल को घर से गिरफ्तार किया। अन्य को भी यहीं से पकड़ा गया। मोनू ने अकेले मोबाइल शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद सारे मोबाइल रोहित निवासी दुर्गा कालोनी टंडारी लुधियाना व रवि वर्मा गौसपुर शांतिनगर लुधियाना को बेच दिया था। सरगना मोनू की निशानदेही पर करीब सात लाख रुपये के 28 एंड्राइड फोन बरामद हुए। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।