जिले में भारी बारिश और गंगा नदी में आई बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग उठी है। सोमवार को समर्थ किसान पार्टी के अध्यक्ष अजय सोनी ने सिराथू ब्लॉक के उदहिन गांव के पास मोंगरी के तराई क्षेत्र में किसानों से बात की।
किसानों ने बताया कि बारिश के कारण खरीफ की फसलें खेतों में गिर गई हैं। कई खेतों में पानी भरने से फसल खराब हो रही है। अजय सोनी ने कहा कि गंगा किनारे बसे तरसौरा, परसखी और सुखऊ का पुरवा समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी भरने से फसलें डूब गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों की फसलों का स्थलीय सर्वे कराकर जल्द समुचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान जय सिंह, प्रदीप सिंह, नेमचंद्र लोधी, सुनील तिवारी और होरीलाल गौतम मौजूद रहे।