कौशाम्बी : दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेलिंग की शिकार किशोरी ऑक्सीजन सपोर्ट पर, हाथ पर दास्तां लिख लगाई थी फांसी
करारी कोतवाली इलाके की एक किशोरी के साथ दो साल पहले पिंडरा सहावनपुर गांव के कलीम ने दुष्कर्म किया था। कलीम ने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए वह पिछले दो साल से अक्सर किशोरी के साथ दुष्कर्म करता था।
विस्तार
युवक की ब्लैकमेलिंग से परेशान किशोरी की हालत बिगड़ती जा रही है। प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती किशोरी को चिकित्सकों ने ऑक्सीजन पर रखा है। रविवार को पुलिस किशोरी का बयान दर्ज करने अस्पताल गई, लेकिन चिकित्सकों ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए मना कर दिया। पुलिस किशोरी के हाथ पर लिखी उसकी आपबीती की फोटो व वीडियो बनाने के बाद वापस लौट आई। अब तक किशोरी को ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
करारी कोतवाली इलाके की एक किशोरी के साथ दो साल पहले पिंडरा सहावनपुर गांव के कलीम ने दुष्कर्म किया था। कलीम ने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए वह पिछले दो साल से अक्सर किशोरी के साथ दुष्कर्म करता था। उसकी ब्लैकमेलिंग के कारण किशोरी परेशान चल रही थी। शनिवार की सुबह किशोरी घर पर अकेली थी। इस बीच रोजाना की जलालत से आजिज किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगा ली।
हाथ पर आपबीती लिख लगाई थी फांसी
इससे पहले किशोरी ने अपनी आपबीती हाथ पर लिख दी। हाथ पर उसने आपबीती लिखकर बताया कि उसकी मौत का जिम्मेदार कलीम होगा। गनीमत रही कि जिस वक्त किशोरी ने फांसी लगाई तभी पड़ोस की एक महिला उसके घर पहुंच गई। महिला के शोर मचाने पर पहुंचे मोहल्ले के लोग किशोरी को नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखकर प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है।
ऑक्सीजन सपोर्ट पर है फांसी लगाने वाली किशोरी
रविवार को इंस्पेक्टर करारी सुभाष यादव महिला सिपाही के साथ एसआरएन अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर का कहना है किशोरी ऑक्सीजन सपोर्ट पर है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस वजह से बयान नहीं लिया जा सका। किशोरी की मां की तहरीर पर शनिवार को ही आरोपी कलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी के हाथ में लिखी आपबीती की फोटो व वीडियो बनाई गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।