कासगंज। जिले में भीषण गर्मी और लू का असर लोगों की सेहत पर लगातार भारी पड़ रहा है। रविवार को तेज धूप और गर्म हवाओं से हालत बिगड़ने पर कई मरीज जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने 18 मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में अधिकांश को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, अत्यधिक प्यास, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी शिकायतें थीं। रविवार को इमरजेंसी वार्ड में मरीजों का दबाव सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहा। चिकित्सकों के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण शरीर में पानी और जरूरी लवणों की कमी हो रही है। चिकित्सकों ने मरीजों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।
सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने कहा कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। रविवार को 18 मरीज भर्ती किए गए।