रूबी की उजड़ गई दुनिया: कार के अंदर मिला युवक का शव, चार माह पहले हुई थी शादी
Kannauj News: कार के अंदर युवक का शव मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कार में युवक का शव मिलने से गुरुवार को इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार माह पहले ही युवक की शादी हुई थी। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सकरावा थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर रोड पर एक कार काफी देर से संदिग्ध हालात में सड़क के किनारे खड़ी थी। लोगों ने जब कार के पास जाकर देखा तो एक युवक पड़ा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खोलकर देखा तो युवक को मृत अवस्था में पाया। कार नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम लुहन्ना निवासी नागेंद्र यादव (28) के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम पांच बजे नागेंद्र घर से ससुराल सकरावा थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव जाने की बात कहकर निकला था।
सकरावा थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मेहंदी छूटने से पहले छूटा पति का हाथ
नागेंद्र की मौत की खबर ने नई-नवेली दुल्हन की दुनिया उजाड़ दी। परिजनों के अनुसार नागेंद्र की शादी चार महीने पहले ही रूबी के साथ हुई थी। अभी हाथों की मेहंदी का रंग भी ठीक से नहीं छूटा था कि पति का साथ हमेशा के लिए छूट गया। मां राधा देवी और पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है। नागेंद्र खेती-बाड़ी करता था। उसके पिता शिवरतन यादव भी किसान हैं। मृतक का बड़ा भाई सुधांशु यादव पुलिस विभाग में कार्यरत है।