Hamirpur: सड़क किनारे गड्ढे में मिला युवक, सीएचसी में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, लोग बोले- हत्या की है आशंका
Hamirpur Crime: कुरारा थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में कुरारा कस्बे के बेरी तिराहे से चंद कदम दूर भारी भरकम गड्ढों में अचेत अवस्था में युवक पड़ा मिला। इलाके में गश्त कर रही डायल-112 ने देखा, तो इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अचेत युवक को स्थानीय सीएचसी में उपचार के लिए भेजा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कस्बे में लोग दबी जुबान से हत्या की आशंका जता रहे हैं। कुरारा थाना और कस्बा के वार्ड नंबर 9 के निवासी कामता प्रसाद अनुरागी (36) पुत्र छिद्दू शनिवार की रात्रि करीब 12 बजे अपने ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र के साथ ट्रैक्टर में बैठकर बेरी तिराहे में आया था। चालक ट्रैक्टर लेकर वापस घर पहुंच गया, लेकिन कामता घर नहीं पहुंचा।
तभी बेरी तरफ से डायल-112 गश्त लगाकर वापस कस्बा आ रही थी, तभी भारी भरकम गड्ढों में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा देखा, तो थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर वार्डवासियों की मदद से उपचार के लिए सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
शव को मोर्चरी में रखवाया गया
पुलिस ने रात्रि में ही शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। वार्ड में लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। चालक वीरेंद्र रात में ही अपने गांव शंकरपुर पारा भाग गया था। पुलिस ने गांव से चालक को पड़कर पूछताछ कर रही है।
शराब का आदी था मृतक
वहीं, मोहल्ले वासियों ने बताया कि चालक वीरेंद्र करीब एक साल से मृतक के यहां रह रहा था। दो माह पहले मृतक ने ट्रैक्टर लिया था, उसी का ट्रैक्टर चलाता था। मृतक शराब का आदी था, पुलिस ने मृतक के ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया है। कुरारा थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।