Kanpur Dehat: युवक की पीट-पीटकर हत्या, घर के बाहर पड़ा मिला शव, पिता बोले- बेटे को शराब पिलाकर पीटा
Kanpur News: डेरापुर थाना क्षेत्र युवक का शव घर के बाहर मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के पिता ने गांव के ही युवक पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर देहात में डेरापुर थाना क्षेत्र के मुर्रा गांव में एक युवक का शव घर के बाहर संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। मृतक के पिता ने गांव के एक युवक पर शराब पिलाने के बाद पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी पर एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मुर्रा निवासी मोनू सविता (25) का शव शुक्रवार रात 12 बजे के करीब घर के बाहर मिला। शरीर पर चोट के निशान भी मिले। पिता कैलाश सविता ने गांव के पंकज शर्मा पर बेटे को शराब पिलाने के बाद पीट-पीटकर हत्या किए जाने के आरोप लगाया। युवक की हत्या की जानकारी पर देर रात डेरापुर थाना प्रभारी अनिल कुमार पहुंचें।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रात में ही एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एएसपी राजेश पांडेय ने पहुंच कर जानकारी ली। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि पंकज रात नौ बजे के करीब मोनू को घर से बाइक पर बैठा कर ले गया था। एएसपी ने बताया कि मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतक के नाक के पास चोट मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।