कानपुर: तमाचे की खुन्नस में खूनी खेल; भाई की ससुराल में पहुंचकर युवती की गोली मारकर हत्या
Kanpur News: कैंट थानाक्षेत्र के सत्ती चौराहा में रविवार शाम पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई को ससुराल में तमाचा पड़ने का बदला लेने पहुंचे युवक ने बीच-बचाव करने आई उसकी साली चांदनी की गोली मारकर हत्या कर दी।
विस्तार
वारदात के बाद आरोपी अपने पांच साथियों के साथ हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन चांदनी को पुलिस की मदद से केपीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी शिवा सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
भाई और साथियों के साथ पहुंचा था आरोपी
कैंट के सत्ती चौराहा निवासी ओमप्रकाश के परिवार में पत्नी सुशीला देवी, बेटा युवराज और चार बेटियां रोशनी, सरोजनी, अंजलि व चांदनी हैं। चांदनी अपनी मां के घर से करीब 100 मीटर दूर पति उपेंद्र और चार वर्षीय बेटी परी के साथ रहती थी।
परिजनों के मुताबिक, गंगाघाट क्षेत्र के कल्लूपुरवा निवासी सरोजनी की शादी संतोष से हुई थी। संतोष पर नशे में मारपीट करने का आरोप है। करीब दो साल पहले सरोजनी ने पति के खिलाफ तलाक का मुकदमा दायर किया था। इसके बाद से वह मायके में रह रही थी।
रविवार शाम चांदनी और उसकी बहन अंजलि घर पर खाना खा रही थीं। तभी सरोजनी का देवर विनोद अपने चचेरे भाई अंशु और अन्य साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचा। उसने सरोजनी के बारे में पूछा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विनोद ने तमंचा निकालकर चांदनी के पेट में गोली मार दी।
तमाचा पड़ने के बाद बढ़ी खुन्नस
मां सुशीला देवी के मुताबिक, रविवार दोपहर सरोजनी का पति संतोष उससे मिलने पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और सरोजनी ने संतोष को तमाचा मार दिया था। इसके बाद संतोष के भाई विनोद ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का आरोप है कि तलाक के मुकदमे के बाद से संतोष चांदनी से भी खुन्नस रखता था। घटना से पहले वह मोहल्ले में घूमकर सरोजनी के बारे में जानकारी जुटा रहा था।
छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट, चार टीमें तलाश में
बहन अंजलि की तहरीर पर जीजा संतोष, उसके भाई विनोद, अजय, चचेरे भाई अंशु समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। परिजनों को समझाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार किया जा रहा है।
सात साल पहले किया था प्रेम विवाह
चांदनी ने करीब सात साल पहले पड़ोस में रहने वाले उपेंद्र से प्रेम विवाह किया था। उपेंद्र नौबस्ता स्थित एक होटल में शेफ है। वारदात के बाद चांदनी की चार वर्षीय बेटी परी अपनी मां को पुकारती रही। वहीं, बेटी की मौत की खबर से मां सुशीला देवी बेसुध हो गईं। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला।