चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: बेगमपुरा एक्सप्रेस में महिला ने बच्ची को दिया जन्म, यात्रियों ने ऐसे की मदद
Hardoi News: हरदोई के पास ट्रेन में ही प्रियंका को प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी सूचना ट्रेन में तैनात टीसी को दी गई। टीसी ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसी बीच ट्रेन में सवार महिला यात्रियों के सहयोग से ट्रेन में ही प्रियंका का प्रसव हो गया।
विस्तार
हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में जम्मू से वाराणसी जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस में रविवार सुबह किलकारी गूंज उठी। जम्मू से आजमगढ़ जा रही गर्भवती ने महिला यात्रियों की मदद से ट्रेन में ही बच्ची को जन्म दिया। ट्रेन कंडक्टर (टीसी) की सूचना पर संडीला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकी गई।
इसके बाद प्रसूता और नवजात के साथ परिवार के अन्य लोगों को भी उतरवाया गया। जच्चा-बच्चा संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं और दोनों ही पूरी तरह स्वस्थ हैं। आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया विकास खंड निवसी हरीशचंद्र जम्मू के जानीपुर में रहकर टायल्स लगाने का काम करता है।
उसकी पत्नी प्रियंका गर्भवती थी। शनिवार रात वह जम्मू से पत्नी प्रियंका और पुत्र ऋषभ के साथ बेगमपुरा एक्सप्रेस से घर जाने को निकला था। हरदोई के पास ट्रेन में ही प्रियंका को प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी सूचना ट्रेन में तैनात टीसी को दी गई। टीसी ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया
इसी बीच ट्रेन में सवार महिला यात्रियों के सहयोग से ट्रेन में ही प्रियंका का प्रसव हो गया। उसने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद संडीला स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। यहां एम्बुलेंस से प्रसूता, नवजात और उनके परिजनों को सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डा. शरद वैश्य ने बताया कि जच्चा बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हैं।