Etawah: घर में खुले पड़े थे तार...करंट से भाई-बहन की मौत, जागरूकता के अभाव में गई मासूमों की जान
Etawah News: जागरूकता के अभाव में बुधवार को मंगलवार को दो मासूमों की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़ में लोग यही कह रहे थे कि काश घर में खुले तार न पड़े होते, तो हादसे का शिकार होने से मासूम बन जाते।
विस्तार
इटावा जिले के भरथना कोतवाली क्षेत्र में घर पर खुले पड़े बिजली के तार में करंट की चपेट में आने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मजदूरी करके घर लौटे माता-पिता नौनिहालों के शव देखकर बेहाल हो गए। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के नगरिया यादवान गांव निवासी इरफान उर्फ सलमान पत्नी रुखसाना के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बुधवार को रोज की तरह दंपती मजदूरी करने निकले थे। घर पर बेटा आमिर (9) और बेटी इनायत (4) थे। दोपहर तीन बजे के आसपास थोड़ी देर के लिए बिजली आई थी।
इस दौरान घर में खुले पड़े बिजली के तार में करंट दौड़ गया। पास खेल रहे दोनों बच्चे तार की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। लगभग आधा घंटे बाद लौटी मां रुखसाना मासूमों के शवों को देखकर अचेत हो गई। चीख पुकार के बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए।
खुले तारों की चपेट में आकर हुई मौत
ग्राम प्रधान नवीन यादव ने बताया कि घर में खुले पड़े तारों की चपेट में आकर बच्चों की मौत हो गई। मजदूर दंपती का एक बड़ा बेटा भूरे (10) साल का है। सूचना पर पहुंचे सीओ विवेक जावला, प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी समेत नायब तहसीलदार ताखा ने जांच पड़ताल की है।
जागरूकता के अभाव में गई मासूमों की जान
जागरूकता के अभाव में बुधवार को मंगलवार को दो मासूमों की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़ में लोग यही कह रहे थे कि काश घर में खुले तार न पड़े होते, तो हादसे का शिकार होने से मासूम बन जाते। घर पर परिजनों के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित थे।
दंपती करते हैं मजदूरी, घर पर नहीं थे मौजूद
नगरिया यादवान गांव में बुधवार दोपहर इरफान और उसकी पत्नी दो जून की रोटी के लिए गांव के ही लोगों के यहां खेत में धान रोपाई का काम करने गए थे। बड़ा बेटा भूरा भी घर से बाहर था। आमिर (9) व पुत्री इनायत (4) घर में रोज की तरह खेल रहे थे। इस बीच खुले पड़े तारों को पकड़ने में दोनों बच्चे चपेट में आ गए।
यह बरतें सावधानी
- मीटर की डोरी देखते रहे।बिजली पोल या खुले वायर में कोई जानवर न बांधे।
- तार के नीचे मकान न बनवाएं और न ही पेड़ लगवाएं।
- बिजली लाइन के करीब कपड़े सुखाने के लिए लोहे के तार न बांधें।
- आईएसआई मार्क तार व अन्य उत्पाद से ही घर की वायरिंग करवाएं।
- आग लगने की दशा में तुरंत मेन स्विच की बिजली आपूर्ति बंद कर दें।
- करंट से लगी आग में पानी बिल्कुल न डालें।
- बिजली का हर काम जानकर कर्मचारी से ही कराएं।
- यदि कोई बिजली के संपर्क में आ जाए तो उसे बिल्कुल स्पर्श न करें, उसे सूखी लकड़ी से ही छुड़ाएं।
- नंगे पैर बिल्कुल भी बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल न करें।