Jalaun: पशु बाड़े में घुसे जंगली जानवर, मार डालीं आठ बकरियां और सात घायल, भूसा लाने गया था पूरा परिवार
मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में पशुबाड़े में जंगली जानवर घुस आए। इस हमले में आठ बकरियां मर गईं, जबकि सात घायल हो गईं। घटना के समय पूरा परिवार खेत से भूसा लाने गया था। मौके पर पहुंच कर लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया है।
विस्तार
जालौन जिले में मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कस्बा डकोर में शुक्रवार की देर रात किसान के पशुबाड़े में बंधी बकरियों पर जंगली जानवरों के झुंड ने हमला कर दिया। इसमें आठ बकरियां मर गई। सात बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं।
सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी ने घायल बकरियों का उपचार किया। वहीं, लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा डकोर के बाहरी हिस्से में किसान रामखिलौने का रिहायशी घर के साथ पशुबाड़ा है।
रामखिलौने ने बताया कि वह पत्नी और बेटे अमित के साथ शुक्रवार की रात भूसा भरने खेतों में गए थे। तभी रात साढ़े बारह बजे जंगली जानवरों के झुंड ने पशुबाड़े में बंधी बकरियों पर धावा बोल दिया। बकरियों के चिल्लाने की आवाज पर पड़ोसी पहुंचे।
पशु चिकित्सक ने बकरियों का किया उपचार
उन्होंने लाठी-डंडों से जानवरों को खदेड़ कर भगाया। तब तक जंगली जानवरों ने आठ बकरियां मार डालीं। सात बकरियों को बुरी तरह घायल कर दिया। शनिवार की सुबह पशु चिकित्सक ने घायल बकरियों का उपचार किया। लेखपाल पुष्पेंद्र द्वारा क्षति का आकलन किया गया है।
बाड़े में बंधी थीं 35 बकरियां
पशु स्वामी रामखिलौने का कहना है कि एक बकरी कीमत करीब आठ से नौ हजार रुपये तक है। बाड़े में उनकी कुल 35 बकरियां बंधी हुई थीं। इनसे परिवार के भरण पोषण में मदद मिलती थी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सहयोग की बता कही है।