Hardoi: बिजली कटौती पर भड़के ग्रामीण, दो लाइनमैन को बनाया बंधक, SDO के आश्वासन पर बना मामला
Hardoi News: एसडीओ दयानंद शर्मा ने बताया कि ओवर लोड होने के कारण 33 केवी लाइन पर सभी फीडर एक साथ नहीं चल पा रहे हैं। इस वजह से समस्या हो रही है।
विस्तार
हरदोई जिले के हरपालपुर कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से नाराज छह गांवों के लगभग सौ लोगों ने लमकन पुल के पास दो लाइन मैन को बंधक बना लिया। जानकारी पर उपखंड अधिकारी के साथ पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर दोनों लाइन मैन को छुड़वाया। लगभग चार घंटे तक दोनों लाइन मैन ग्रामीणों के बंधक बने रहे।
उमस भरी गर्मी में बिजली की अघोषित कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। बारिश न होने के कारण धान की फसल सूखने के कगार पर आ गई है। बिजली न मिलने के कारण निजी संसाधनों से भी फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में सांडी विद्युत उपकेंद्र से फीडरबदल बदलकर आपूर्ति की जा रही है।
रविवार की शाम सांडी उपकेंद्र के हरपालपुर फीडर की बिजली पलिया विद्युत उपकेंद्र के लाइनमैन गुरविंदर सिंह और दीपक ने लमकन के पास काट दी थी। सोमवार की सुबह दोनों लाइन मैन इस फीडर की लाइन जोड़ने के लिए गए थे। इस दौरान वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों ने दोनों लाइन मैनों को बंधक बना लिया।
33 केवी लाइन पर सभी फीडर एक साथ नहीं चल पा रहे
इसकी सूचना मिलने पर एसडीओ सांडी दयानंद शर्मा, हरपालपुर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओ के समझाने पर ग्रामीणों ने लाइनमैन छोड़ दिए। एसडीओ दयानंद शर्मा ने बताया कि ओवर लोड होने के कारण 33 केवी लाइन पर सभी फीडर एक साथ नहीं चल पा रहे हैं। इस वजह से समस्या हो रही है।