UP T-20 League: राजीव शुक्ला बोले- यूपी में हर साल तैयार किए जाएंगे 150 खिलाड़ी, टीमें बढ़ीं तो बनेंगे नए अवसर
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अभी लीग में छह टीमें खेल रहीं हैं। अगर टीमें बढ़ेंगी तो और भी खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा।
विस्तार
यूपी टी-20 लीग के शुभारंभ पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी में हर वर्ष कम से कम 150 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जाएगा। अभी छह टीमें खेल रहीं हैं। अगर टीमें बढ़ेंगी तो और भी खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा। पूर्व डीजीपी एवं यूपीसीए के चेयरमैन डीएस चौहान ने कहा कि यूपी लीग के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। यूपीसीए के अध्यक्ष डॉ. निधिपत सिंहानिया ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के हर शहर में क्रिकेट के इस तरह के आयोजन हों, इसका प्रयास करेंगे। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी मौजूद रहीं।
इस दौरान लीग के शुभारंभ के मौके पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें सबसे पहले गदर फेम अमीषा पटेल ने स्टेज पर आने से पहले पूरे मैदान का गाड़ी पर बैठकर चक्कर लगाया और दर्शकों का अभिवादन हाथ हिलाकर स्वीकार किया। इसके बाद स्टेज पर पहुंचकर कैसे हो कानपुर वालों... बोलकर लोगों से हालचाल लिया। सबसे पहले सजना जी वारी-वारी जाऊं गीत पर डांस की प्रस्तुति देकर लोगों को तालियां बजाने पर विवश कर दिया। इसके बाद अमीषा ने एक के बाद एक फिल्म गदर के गानों उड़ जा काले कावां..., मैं निकला गड्डी लेकर...कहो न प्यार है.. पर डांस करके कनपुरियों को झूमाया।
अंत में अमीषा पटेल ने कानपुर वालों से कहा कि हिन्दुस्तान जिंदाबाद था, हिंदुस्तान जिंदाबाद है और हिंदुस्तान जिंदाबाद रहेगा... के नारे में पूरा स्टेडियम हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे से गूंज उठा। इसके बाद मीत ब्रदर्स और खुशबू ने बेबी डॉल मैं सोने दी..., चिटियां कलाइयां वे...सावन में लग गई आग... गीतों से कानपुर ग्रीन पार्क स्टेडियम में बैठे दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
फिर स्टेज पर बॉलीवुड के अभिनेता टाइगर श्रॉफ की एंट्री हुई तो दर्शकों ने सीटी बजाकर उनका स्वागत किया। फिर टाइगर ने स्टेज पर पहुंचकर सबसे पहले मेरे नाल तू विस्सल बजा... गीत से डांस शुरु किया तो स्टेडियम में बैठे दर्शक झूम उठे। इसके बाद टाइगर ने एक के बाद एक गानों पर जैसे दस बहाने करके ले गए दिल...जय-जय शिव शंकर गीत से लोगों को झूमने और तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
