इटावा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों की त्रुटियों में सुधार के लिए परिषद ने एक बार फिर से तिथि बढ़ा दी है। अब 31 अक्तूबर की रात 12 बजे तक बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in खुली रहेगी। प्रधानाचार्य लॉगिन कर 10वीं-12वीं के परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों जैसे विषय/वर्ग, छात्र के नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक को संशोधित कर सकते हैं। जुलाई से ही नौवीं, 11वीं का पंजीकरण और 10वीं एवं 12वीं का बोर्ड फाॅर्म भरा गया। अगस्त और सितंबर में दो बार फाॅर्म भरने की तिथि बढ़ाई गई। फाॅर्म भरने के समय विद्यार्थियों ने कई गलतियां कर दीं। उनके फाॅर्म अस्वीकृत न हों, इसलिए संशोधन का मौका दिया गया। पहले 11 से 25 अक्तूबर तक छात्र-छात्राओं को संशोधन का मौका दिया गया था लेकिन अब इसे बढ़ाकर 31 अक्तूबर तक किया गया है। डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छह तरह के संशोधन करवाए जा सकेंगे। विद्यार्थी के नाम, पिता या माता के नाम की वर्तनी में त्रुटि होने पर पर उसे सुधारा जा सकेगा। इसके अलावा विषय या वर्ग में, जेंडर, जाति, फोटो और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक में संशोधन किया जा सकेगा।