Unnao: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई अनियंत्रित बाइक, दरोगा भर्ती परीक्षा देने दो दोस्त घायल, चालक मौके से फरार
Unnao News: कानपुर के सजेती निवासी शाहरुख और शशांक लखनऊ परीक्षा देने जाते समय उन्नाव के नवाबगंज में ट्रैक्टर से टकराकर घायल हो गए। शाहरुख की हालत गंभीर है।
विस्तार
उन्नाव जिले में कानपुर से लखनऊ रविवार सुबह सात बजे सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवकों की बाइक नवाबगंज कस्बे के आगे जैतीपुर मोड़ पर मुड़ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग निकला। दोनों घायलों में एक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कानपुर नगर के थाना सजेती के उसूपुर निवासी शाहरुख खान (27) पुत्र अजमत खान, अपने दोस्त शशांक पुत्र दिनेश सचान के साथ रविवार सुबह बाइक से लखनऊ सब इंस्पेक्टर की परीक्षा देने जा रहे थे। नवाबगंज नहर पुलिया के पास लखनऊ की ओर से ईंट लादकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक जैतीपुर मार्ग पर मुड़ने लगी। इससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए।
चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार
दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने शाहरुख खान की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।