उन्नाव सामूहिक दुष्कर्म: नाबालिग साबित हुई पीड़िता, अभी वन स्टाप सेंटर में रखा, SO बोले- किशोरी कुछ परेशान है
Unnao Crime: दही थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में दाखिल करने के लिए चार्ज शीट तैयार की जा रही है। सदमे में पीड़िता, अजीब हरकतें करती रही सिविल जज जूनियर डिवीजन के कक्ष के बाहर करीब एक घंटे तक पीड़िता बैठी रही।
विस्तार
उन्नाव जिले में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता जांच में नाबालिग साबित हुई है। इसके बाद न्यायालय में सिविल जज जूनियर डिवीजन दक्षिणी के कोर्ट में पीड़िता के कलमबंद बयान दर्ज हुए। दही थाना क्षेत्र में 21 मई की रात 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी।
एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहने वाली किशोरी को उसी मोहल्ले में गेस्ट हाउस संचालक अनिल तूली और उनके शुक्लागंज निवासी सुनील ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना में होटल मालिक कमलेश वर्मा को भी पुलिस ने दोषी पाए जाने पर मंगलवार को जेल भेज दिया था।
बुधवार को पुलिस ने पीड़ित किशोरी की उम्र की जांच के लिए सीएमओ के यहां लेकर गई, जहां एक्सरे के माध्यम से उम्र की जांच की गई। जांच में वह नाबालिग पाई गई है। इसके बाद पुलिस उसे लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन दक्षिणी के न्यायालय पहुंची। न्यायाधीश अंबिका मल्होत्रा ने 25 मिनट में बयान दर्ज किए।
तैयार की जा रही है चार्जशीट
दही थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में दाखिल करने के लिए चार्ज शीट तैयार की जा रही है। सदमे में पीड़िता, अजीब हरकतें करती रही सिविल जज जूनियर डिवीजन के कक्ष के बाहर करीब एक घंटे तक पीड़िता बैठी रही। इस दौरान वह अजीब सी हरकतें करती रही।
घटना के बाद से किशोरी कुछ परेशान है
लोग उसे मानसिक बीमार समझते रहे। कभी वह जमीन पर बैठती तो कभी बेंच पर, अचानक ताली बजाने लगती तो कभी दुपट्टा हटाकर फेंकने लगती। माता-पिता उसे संभालते रहे। सुरक्षा में महिला कांस्टेबल तैनात रहीं। एसओ ने बताया कि घटना के बाद से किशोरी कुछ परेशान है।
पीड़िता हाईस्कूल की छात्रा
दही थाना पुलिस ने पीड़िता के शैक्षिक अभिलेखों की जानकारी के लिए शहर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंच कर जांच की। पीड़िता ने इसी वर्ष कक्षा नौ की परीक्षा पास की है। अब वह दसवीं में पहुंची है। पुलिस ने प्रधानाचार्य से ब्योरा मांगा है।
अभी वन स्टाप सेंटर में रखा
विधिक प्रक्रिया और जरूरी जांच पूरी हो जाने तक पुलिस पीड़िता को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है। गुरुवार को पुलिस एक बार फिर पीड़िता का मेडिकल व एक्सरे कानपुर हैलट अस्पताल में कराएगी।