Unnao Accident: पहले ट्रैक्टर से टकराया ट्रेलर, फिर बाइक और ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो की मौत और नौ घायल
Unnao News: पुरवा-मौरावां मार्ग पर ट्रैक्टर से टकराने के बाद तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक और ई-रिक्शा में भी टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी और ई-रिक्शा सवार आठ लोग घायल हो गए। कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि ट्रेलर कब्जे में है। चालक फरार है।
विस्तार
उन्नाव जिले में पुरवा-मौरावां मार्ग पर तुसरौर गांव के पास मंगलवार सुबह 10 बजे अनियंत्रित ट्रेलर ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक सवार को रौंद दिया और भगाने में ई-रिक्शा को भी चपेट में ले लिया। घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतक की पत्नी सहित ई-रिक्शा में बैठी आठ सवारियां घायल हो गईं।
घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर भाग निकला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। मौरावां की ओर से मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर उन्नाव की ओर आ रहा था। तुसरौर गांव के पास ट्रेलर ने पहले सामने से आ रहे हैं ट्रैक्टर में टकराया और फिर बाद में बाइक टक्कर लगने से पूरनदासखेड़ा निवासी आशीष (35) पुत्र शिवप्यारे और उसके (10) साल के बेटे अंशुमन की मौत हो गई।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
वहीं, पत्नी ममता (33) घायल हो गईं। भागने में ई-रिक्शा में टक्कर लगने से वह खंती में उतर गया। इसमें चालक मझखोरिया निवासी अमन अवस्थी, बीघापुर कठार की उर्मिला, मियांटोला की सबा, बारासगवर के नरपतिखेड़ा की शगुन, जमीलूनिशा उनकी दो बेटियां अलसिफा और अल्फिया गंभीर घायल हो गईं। पुलिस ने सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि ट्रेलर कब्जे में है। चालक फरार है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।