Hardoi News: पुरानी रंजिश में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, 22 नामजद 52 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के चतरखा बरनई में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बवाल के बाद गांव में तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है।
विस्तार
हरदोई जिले में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के चतरखा-बरनई गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों की फोर्स तैनात कर दी गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 22 नामजद और 52 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के चतरखा-बरनई गांव निवासी शिवकुमार शुक्ला( 48) और राजन, बड़क्के आदि से पुरानी रंजिश चल रही है।
शिवकुमार के मुताबिक गुरुवार की सुबह अपनी पत्नी मीनू(46) व भाई की पत्नी कल्पना (32) के साथ घर में था। इसी दौरान विपक्षी राजन, बड़क्के, राजपाल, धीरु, वीरु, रानू, नवीन, दीपू, रामबाबू, सोनू, कालिया, धर्मेन्द्र और विकास ने 40 अज्ञात लोगों ने छत पर चढ़कर ईंट पत्थर चलाते हुए लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमलावरों ने उसे व उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। दूसरे पक्ष से राजन ने दी तहरीर में शिवकुमार, प्रमोद, राममोहन, सचिन, बृजमोहन, राकेश, देवेश, संजू और 12 अन्य लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। इसमें वह घायल हो गया। बवाल की सूचना मिलने पर हरपालपुर, अरवल और लोनार पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।