{"_id":"6aae9c810e331e7c410b013d","slug":"two-notorious-criminals-from-a-vehicle-theft-gang-arrested-in-police-encounter-one-shot-in-the-leg-2026-09-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"महोबा: पुलिस मुठभेड़ में वाहन चोर गिरोह के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महोबा: पुलिस मुठभेड़ में वाहन चोर गिरोह के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Sat, 19 Sep 2026 08:05 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महोबा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, महोबा
Published by: Shikha Pandey
Updated Sat, 19 Sep 2026 08:05 PM IST
सार
आरोपियों के पास से नौ बाइकें, एक ई-रिक्शा, तमंचा, कारतूस व गुमटी से चोरी माल बरामद हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
मुठभेड़ में घायल आरोपी सुजीत पटैरिया को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने शुक्रवार की रात मुठभेड में वाहन चोर गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के पास से चोरी की नौ बाइकें, एक ई-रिक्शा, तमंचा, कारतूस व गुमटी से चोरी माल बरामद किया गया है। पुलिस घटनाओं में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन
शहर में चोरी की घटनाएं लगातार होने पर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं। देर रात संयुक्त टीमों में शामिल कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह व सर्विलांस प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने बिलवई चुंगी स्थित करिया पठवा के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक बाइक से और दूसरा ई-रिक्शा में सामान लादकर जाते दिखा। रोकने का प्रयास करने पर बाइक सवार ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर किया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इससे गोली बाइक सवार सुजीत पटैरिया निवासी बजरंग चौक के पैर में लगी जबकि दूसरे आरोपी संतोष नामदेव निवासी नयापुरा नैकाना को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल सुजीत इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
पूछताछ में बाइक चोर गिरोह के सुजीत ने बताया कि वह अपने साथी संतोष नामदेव व राजेश नामदेव के साथ मिलकर बाइक चोरी करता था। शहर में अलग-अलग तिथियों में कई बाइकें चोरी कीं। 15 सितंबर की रात अशोक चौराहे के पास गुमटी से बीड़ी, गुटका आदि सामान चोरी कर ई-रिक्शा से ले गए थे। वह चोरी का माल और बाइकें बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करिया पठवा के पीछे से झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं चोरी की नौ बाइकें व एक ई-रिक्शा बरामद किया। आरोपी सुजीत के पास से तमंचा, तीन कारतूस, दो मोबाइल, 550 रुपये और गुमटी से चोरी माल बरामद किया गया।
विज्ञापन
एसपी ने बताया कि बाइक चोरी व नकबजनी की घटनाएं सामने आने पर एसओजी समेत तीन टीमों का गठन किया गया था। रात के समय मुठभेड में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के पास से चोरी की नौ बाइकें, एक ई-रिक्शा, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और गुमटी से चोरी किया गया माल बरामद किया गया। मुठभेड में गिरफ्तार आरोपी सुजीत अभ्यस्त अपराधी है। उस पर नकबजनी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत 28 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।