Unnao Accident: एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराया ट्रक, चालक और खलासी की मौत, एक घंटे प्रभावित रहा यातायात
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इससे ट्रक में आग लग गई। हादसे में जान बचाने के लिए चालक और खलासी नीचे कूद गए। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
विस्तार
उन्नाव जिले में मध्यप्रदेश के मुरैना से खली लादकर मुजफ्फपुर जा रहा ट्रक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात करीब दो बजे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इससे ट्रक में आग लग गई। वहीं, जान बचाने के लिए चालक और उसका चचेरा भाई (खलासी) ट्रक से कूद गए।
इससे उनके सिर में गहरी चोट लग गई। पुलिस ने घायलों को औरास सीएचसी पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस और यूपीडा की टीम ने ट्रक में लगी आग बुझाया और क्रेन की मदद से हटवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
आगरा जिले की बाह तहसील के गांव पुरा भदौरिया निवासी ट्रक चालक जसवीर सिंह (32) और उसके चचेरे भाई खलासी हरवीर सिंह (55) के साथ मध्यप्रदेश के मुरैना से ट्रक में खली लादकर बुधवार सुबह बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए निकले थे।
रात करीब दो बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गांव गौरिया कला के पास तेज रफ्तार ट्रक कोहरे में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर तेज होने से ट्रक के इंजन में आग लग गई। लपटें देख चालक और उसका चचेरा भाई ट्रक से कूद गए।
चालक के सिर में पीछे और चचेरे भाई के दाहिनी ओर कनपटी में गहरी चोट लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची यूपीडा और पुलिस टीम ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझवाई और घायलों को औरास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहं डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष रमेशचंद्र साहनी ने बताया कि डिवाइडर में टकराने से हुए शार्ट शर्किट से ट्रक में आग लगी थी। तेज झटका और ट्रक से कूदने में चालक व खलासी को चोट लगी। दोनों के परिजनों को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।