उरई में दर्दनाक हादसा: कोहरे की वजह से नहीं दिखी ट्रेन, चपेट में आईं दो छात्राएं, एक की मौत और एक गंभीर
Orai News: झांसी-कानपुर हाईवे स्थित क्रॉसिंग पर कोहरे की वजह से दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें कोचिंग पढ़ने जा रही दो छात्राएं ट्रेन की चपेट में आ गईं। इसमें एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
विस्तार
उरई में कोहरे की वजह से कोचिंग पढ़ने जा रही दो छात्राएं ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी देते हुए घायल छात्रा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डकोर कोतवाली क्षेत्र के ऐर गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू अहिरवार की पुत्री काजल (17) हाईस्कूल की छात्रा थी( वह शहर के मोहल्ला इंदिरानगर में किराए के मकान में रहकर कोचिंग कर रही थी।
प्रतिदिन की तरह शनिवार की सुबह वह अपनी सहेली इंदिरा नगर निवासी परशुराम की पुत्री वर्षा (18) के साथ कोचिंग पढ़ने जा रही थी। जैसे ही वह झांसी-कानपुर हाईवे स्थित क्रॉसिंग के पास पहुंची। तभी कोहरे की वजह से उन्हें ट्रेन नहीं दिखाई दी और दोनों उसकी चपेट में आ गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
इससे काजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। कोतवाल वीरेंद्र कुमार पटेल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों को सूचना दी गई है।