Kanpur: गर्मी में तबीयत बिगड़ने से दरोगा समेत तीन की मौत, दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
Kanpur News: फजलगंज थाना प्रभारी का कहना है मौत की वजह जानने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में भीषण गर्मी में तबीयत बिगड़ने से दरोगा समेत तीन की मौत हो गई। प्रयागराज निवासी दरोगा रांजुल प्रसाद शुक्ला कानपुर देहात के भोगनीपुर थाने में तैनात थे। बुधवार को उन्नाव सफीपुर स्थित काली मिट्टी ट्रेनिंग सेंटर से विकासनगर डिपो की बस से लौट रहे थे।
चालक राजेश व परिचालक सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि बस सीओडी पुल के पास दरोगा को तेज उल्टियां होने लगीं। झकरकटी बस अड्डे पहुंचने से पहले ही वे बेहोश हो गए। चालक की सूचना पर पहुंचे ट्रांसपोर्टनगर चौकी प्रभारी विकास शर्मा ने उन्हें कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों का अनुमान है कि दरोगा की मौत हार्ट अटैक या लू लगने से हुई है। वहीं, फजलगंज फायर स्टेशन के पास ब्रह्मदेव मंदिर में 65 वर्षीय महिला कुछ दिन से रह रही थी। वहीं, 66 साल का एक व्यक्ति भी मंदिर में रहता था और भीख मांगकर पेट भरता था।
दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इन दोनों की भी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी व लू लगने से दोनों की तबीयत बिगड़ गई थी। फजलगंज थाना प्रभारी का कहना है मौत की वजह जानने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।