एम्बुलेंस नहीं आई, युवक ने तोड़ा दम: खेत में तड़पता देख..सेल्समैन ने दी थी सूचना, अधिक शराब पीने से मौत की आशंका
Farrukhabad News: कुलदीप के पिता रोशनलाल ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। शव के पास एक पौआ भी मिला है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक ने ज्यादा शराब पी ली होगी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शराब ठेके के पीछे खेत में तड़प रहे युवक को देखकर ठेके के सेल्समैन ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। युवक ने चंद मिनटों में सेल्समैन के सामने ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
परिजनों ने दो घंटे बाद कोतवाली जाकर उसकी शिनाख्त कर ली। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रेलवे रोड स्थित एक शराब के ठेके के पीछे खेत में करीब 25 वर्षीय युवक तड़प रहा था। ठेके का सैल्समैन खेत की ओर शौच के लिए गया। उसने युवक को बेहोशी की हालत में तड़पते हुए देखा।
उसने डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना दी। युवक ने एम्बुलेंस पहुंचने से पहले ही सेल्समैन के सामने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। सूचना पर सीओ सोहराब आलम व इंस्पेक्टर संतोष कुमार अवस्थी, मंडी चौकी प्रभारी केके कश्यप मौके पर पहुंचे। पुलिस को शव के पास ही एक बैग मिला।
शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली
इसमें कपड़े आदि सामान रखा था। वहीं एक देशी शराब का पौआ व एक पानी का पाउच रखा था। इससे अनुमान लगाया गया कि युवक ने शराब पी थी। फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। टीम ने कुछ नमूने लेकर फोटोग्राफी की। पुलिस ने युवक के शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल की।
कोलकत्ता चला गया था युवक
दो घंटे बाद गांव अजमतपुर निवासी युवक के पिता व परिवार के अन्य लोग कोतवाली पहुंचे। पिता रोशनलाल ने बताया कि मृतक उसका पुत्र कुलदीप है। एक सप्ताह पूर्व वह बाजार हेयर कटिंग दुकान का सामान लेने आया था। तब से घर नहीं लौटा। वह अपनी ननिहाल कोलकत्ता चला गया था।
मोबाइल हो गया था स्विच ऑफ
परिजनों की उससे बातचीत भी हुई थी। बुधवार को वह कोलकत्ता-आगरा एक्सप्रेस ट्रेन से घर के लिए चला। गुरुवार सुबह 11 बजे वह फर्रुखाबाद ट्रेन से उतरा। उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया । शुक्रवार सुबह उसके शव मिलने की जानकारी मिली। कुलदीप के दो वर्ष की एक बच्ची है। पत्नी दयावती गर्भवती है।
ओवरडोज शराब पीने से मौत का अनुमान
कुलदीप के पिता रोशनलाल ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। शव के पास एक पौआ भी मिला है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक ने ज्यादा शराब पी ली होगी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि वह बिना बताए अपनी ननिहाल कोलकत्ता चला गया था। घर पर कोई ऐसा विवाद भी नहीं हुआ था।