Kanpur Crime: सिर पर रॉड मारकर हुई थी हत्या, फिर फेंका गया था युवक का शव, अज्ञात में हुआ था दाह संस्कार
Kanpur News: इंस्पेक्टर गोविंदनगर देवेंद्र दुबे ने बताया कि सिर में चोट के निशान मिले थे, जो गिरने से भी लग सकते हैं। डॉक्टरों से राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में गोविंदनगर के दादानगर इंडस्टि्रयल एरिया में मिले युवक की सिर पर रॉड मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाया गया था। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भारी वस्तु प्रहार से हत्या की पुष्टि हुई है।
हालांकि थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे का कहना है कि युवक के सिर पर गिरने से चोट लगी थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर डाक्टर से राय ली जाएगी। 24 जून 2023 को गोविंदनगर के दादानगर एरिया में एक 35 वर्षीय युवक का शव मिला था।
शव पर मटमैला कटर का शर्ट और नीला हाफ टीशर्ट मौजूद था। पुलिस ने आस पास के लोगों की मदद से शव के शिनाख्त का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पास्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार को डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम किया।
डॉक्टरों से राय लेकर होगी अग्रिम कार्रवाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक को मारने के बाद शव को वहां लाकर फेंका गया होगा। वहीं, इंस्पेक्टर गोविंदनगर देवेंद्र दुबे ने बताया कि सिर में चोट के निशान मिले थे, जो गिरने से भी लग सकते हैं। डॉक्टरों से राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
700 मीटर की दूरी पर मिले थे दोनों शव
पुलिस सूत्रों के अनुसार दादानगर में जिस दिन युवक का शव मिला था। उसी दिन घटना स्थल से करीब 700 मीटर दूर फजलगंज स्थित कंटेनर यार्ड की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी एक युवती का शव मिला था। दोनों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक जैसे चोट के निशान मिले थे।
युवक-युवती में कोई कनेक्शन...तो नहीं
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दोनों शवों का कोई कनेक्शन तो नहीं है। ऐसे में पुलिस दोनों की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया के साथ आस पास के जिलों में भी दोनों के शवों का ब्यौरा भेजा है। वहां दर्ज मुकदमे के आधार पर शिनाख्त कीजा सके। शिनाख्त के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।