Hardoi: दबंगों ने सिपाहियों पर किया हमला, लाठी-डंडे से जमकर पीटा, शराब के नशे में धुत थे युवक
हरपालपुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत युवक गाड़ी के आगे आकर सिपाहियों से गाली गलौज करने लगे। इसके बाद यूपी 112 की पीआरबी 2755 पर तैनात हेड सिपाही और सिपाही को जमकर पीटा।
विस्तार
हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में दबंगों ने दो सिपाहियों को लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। हेड सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने दोनों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हरपालपुर कोतवाली में यूपी 112 की पीआरवी संख्या 2755 पर हेड सिपाही दीप सिंह निवासी शाहजहांपुर थाना जसवंतनगर जनपद इटावा तैनात है। पीआरवी पुलिस मिली सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची, जहां से पुलिस वापस आ रही थी।
रास्ते में चाऊपुर के पास इसी गांव के रहने वाले अरविंद सिंह तोमर और वीरू सिंह शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। पुलिस की गाड़ी देखते ही यह लोग उग्र हो गए और गाली गलौज करते हुए पुलिस पर हमलावर हो गए। दोनों आरोपियों ने हेड सिपाही दीप सिंह व सिपाही नौशाद अली पर हमला कर दिया।
साथ ही, गाली गलौज कर लाठी-डंडों से जमकर मारा पीटा। पूरे मामले की सूचना पाकर मौके पर अन्य पुलिस बल पहुंच गया, जिसके बाद यह दोनों घटनास्थल से फरार हो गए। हेड सिपाही की तहरीर पर हरपालपुर में दोनों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बाद में दोनों आरोपियों को एक-एक तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया इस पूरे मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।