Kanpur Murder: मारपीट के बाद गला घोंटकर की गई थी युवती की हत्या, दुष्कर्म की भी आशंका...स्लाइड जांच को भेजी गई
Kanpur News: पुलिस अफसरों की मानें, तो हत्याकांड में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका है। हत्यारोपी ने जिस तरह से चेहरे को कूच दिया और पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं। उससे आशंका है कि किसी नजदीकी ने ही बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया है।
विस्तार
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में युवती को गला घोंटकर मारा गया था। उसके साथ मारपीट की भी गई। इसका खुलासा गुरुवार को पोस्टमार्टम में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार हत्या से पहले उसके साथ मारपीट की गई जिसकी वजह से उसके शरीर पर चोटों को 13 निशान भी पाए गए। दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड बनाई गई है।
घाटमपुर थानाक्षेत्र के रहने वाले किसान की 19 साल की बेटी का बीते बुधवार सुबह घर से 200 मीटर दूरी पर खून से लथपथ शव मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों का कहना था कि वह मंगलवार रात शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन लौटकर नहीं आई।
परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां पता किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच पुलिस अफसरों ने जांच और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। फिलहाल पुलिस परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
एक से ज्यादा हो सकते हैं आरोपी
पुलिस अफसरों की मानें, तो हत्याकांड में एक से ज्यादा व्यक्ति शामिल हो सकते हैं, क्योंकि अकेले इस तरह किसी युवती की जघन्य हत्याकांड को अंजाम देना आसान नहीं है। हत्याकांड में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका है। हत्यारोपी ने जिस तरह से चेहरे को कूच दिया और पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं, उससे आशंका है कि किसी नजदीकी ने ही बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया है।
शव को लटकाने की हुई थी कोशिश
फोरेंसिक टीम को मौके से एक अंगौछा मिला। टीम का मानना है कि इससे बांधकर शव लटकाने की कोशिश की गई थी। घटनास्थल की मिट्टी छितराई हुई थी, जिससे साफ है कि किसी ने उसके साथ जोर जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती ने संघर्ष किया जिसकी वजह से घटनास्थल पर मिट्टी छितराई हुई मिली थी। डॉग स्क्वॉयड भी गांव की तरफ जाता दिखा, लेकिन लोगों की आवाजाही की वजह से वह भटक गया। माना जा रहा है कि जबरदस्ती करने में सफल न होने पर उसका गला घोंटा गया।
हत्या में ये उठ रहे सवाल
- परिवार से किसी की दुश्मनी नहीं थी तो आखिर हत्या की वजह क्या है?
- प्रेम संबंधों जैसा कोई मामला पुलिस की जानकारी में नहीं आया?
- अगर इसे ऑनर किलिंग माना जाए तो शरीर पर चोट के निशान क्यों है?
- बीते दिनों कोई जानवर आस पास नहीं देखा गया, जिससे चोट के निशान आए?
- पारिवारिक पृष्ठभूमि में भी कोई इस तरह का मामला सामने नहीं आया है?
हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई है। जल्द ही वारदात का खुलासा होगा। -रविंद्र कुमार, डीसीपी साउथ