Teen Talaq in Farrukhabad: डीएम के दफ्तर में फूट-फूट कर रोई पीड़िता, मासूम के साथ आत्महत्या की दी धमकी
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में तीन तलाक पीड़िता ने न्याय न मिलने पर मासूम के साथ आत्महत्या की धमकी दी है। डीएम दफ्तर में पहुंचकर पीड़ित महिला ने दर्ज मुकदमे में आरोपी ससुरालियों के नाम निकाल दिए जाने का आरोप लगाया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में डीएम के यहां शिकायत करने पहुंची तीन तलाक पीड़िता फूट-फूट कर रो पड़ी। कहा कि एसपी के आदेश पर बमुश्किल ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस से मिलकर नाम निकलवा लिए। अब ससुराली हलाला करने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़िता ने न्याय न मिलने पर मासूम बेटी के साथ आत्महत्या की धमकी दी। मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला तलैया साहब जादगान की अर्शी फातिमा का विवाह एटा जिले मारहरा के मोहल्ला काजी निवासी अली अशरफ उर्फ शानू से हुआ था। उसके एक बेटी अनाबिया हुई।
कुछ साल में ही ससुराली दहेज को लेकर उत्पीड़न करने लगे, तो पीड़िता की मां आशिया बेगम ने 25 अगस्त 2022 को अर्शी के पति अली अशरफ, सईदउल्ला, रिहाना, निदा, फैजी, सुएब, मुशीर, सरवर, हाफिज मास्टर पर मुस्लिम महिला उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया।
पीड़िता का आरोप- जांच अधिकारी ससुरालियों से मिले
पुलिस ने ससुरालियों से मिलकर आरोपियों के नाम मुकदमे से निकाल दिए। पीड़िता अर्शी अपनी मासूम बेटी के साथ मंगलवार को डीएम के यहां पहुंची। वह शिकायत के वक्त फूट-फूट कर रोने लगी। कहा कि मुकदमे के जांच अधिकारी ससुरालियों से मिल गए।
डीएम से बोली- करवा सकते हैं मेरी हत्या
वह शातिर किस्म के लोग हैं। कभी भी उसकी व परिजनों की हत्या करवा सकते हैं। पति ने तीन तलाक दे दिया है। अब वह पिता से हलाला के बाद घर में घुसने की बात कह रहे हैं। शिकायत में कहा कि वह मुकदमे की पैरवी के लिए न्यायालय में भी जाती है। वहां ससुरालीजन भी आते हैं।
कभी भी उसके साथ दुर्घटना हो सकती है। उसने कहा कि तीन तलाक में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पीड़िता ने न्याय न मिलने पर मासूम बेटी के साथ आत्महत्या करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि अधिकारी ने छह दिन बाद बुलाया है।