बीएलओ ड्यूटी से शिक्षक नाराज: बोले- हमें इंसान नहीं मशीन समझ लिया गया है, ड्यूटी ने लेने पर एफआईआर की धमकी
बेसिक शिक्षा विभाग के एकल विद्यालय के शिक्षक स्कूल के बाद बीएलओ ड्यूटी करेंगे। इससे शिक्षकों में खासा नाराजगी है। वहीं, कल्याणपुर ब्लॉक में बीएलओ ड्यूटी न लेने पर एफआईआर की धमकी मिली है।
विस्तार
कानपुर में नगर निगम के निर्वाचन में बेसिक शिक्षा विभाग के एकल विद्यालय के शिक्षकों को स्कूल के बाद बीएलओ ड्यूटी करनी होगी। बीते दिनों बेसिक शिक्षा विभाग के एकल विद्यालय (जहां केवल एक शिक्षक है) के शिक्षकों की ड्यूटी नगर निगम चुनाव के बीएलओ में लगा दी गई थी।
एकल विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी लगने के बाद शिक्षक संघ ने डीएम को ज्ञापन देकर स्कूल बंद होने की कगार में आने की बात कही थी। कई दिनों तक चले मंथन के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले पर फैसला ले लिया है। एडीएम सिटी अतुल कुमार ने बताया कि शिक्षकों को स्कूल के समय के बाद बीएलओ ड्यूटी करनी है।
कोई भी स्कूल बंद होने की कगार पर नहीं है। यदि कोई बीमार, विकलांग या गर्भवती महिला की ड्यूटी लगी है, तो उसे काटा जाएगा। वहीं जिला प्रशासन के इस फैसले के बाद शिक्षकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सुबह सात से दो बजे स्कूल, डीबीटी और निपुण भारत मिशन जैसे कामों को पूरा करने के बाद शिक्षक बीएलओ ड्यूटी करे। हम शिक्षकों को इंसान नहीं मशीन समझ लिया गया है।
कल्याणपुर में मिली एफआईआर की धमकी
कल्याणपुर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) द्वारा शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी रिसीव करने पर एफआईआर करने की धमकी दी जा रही है। बीईओ द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में किए गए मैसेज का स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
वायरल स्क्रीन शॉट में एक व्यक्ति द्वारा लिखा गया कि जिन अध्यापकों ने नगर निगम बीएलओ ड्यूटी प्राप्त नहीं करी है, तुरंत प्राप्त करें। उसी मैसेज में बीईओ ने मैसेज लिखा कि तत्काल लोग पहुंचे, अन्यथा अंतिम विकल्प में अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मैसेज वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया।