2000 Notes Ban: बाजारों में हड़कंप! पेट्रोल पंप पर नोट खपाने उमड़ी भीड़, ग्राहकों को करनी पड़ रही है जद्दोजहद
Kanpur News: दो हजार के नोट चलने से बाहर होने की सूचना प्रसारित होते ही हड़कंप मच गया है। पेट्रोल पंपों पर भी अब लोग पेट्रोल-डीजल भरवाकर पेमेंट दो हजार रुपये के नोट में करने की कोशिश कर रहे हैं।
विस्तार
2,000 के नोट बैंकों को वापस किए जाने का सर्कुलर जारी होने से शुक्रवार शाम से कानपुर के बाजारों में अफरा-तफरी मच गई। हर दुकान पर 2,000 के नोटों के साथ लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। इससे परेशान व्यापारियों ने 2,000 का नोट लेने से मना कर दिया।
वहीं, कई बड़े कारोबारियों का करोड़ों का पेमेंट रुक गया है। व्यापारियों का कहना है कि 2,000 के नोट बंद होने के फैसले से एक बार फिर मंदी की मार झेलनी पड़ेगी। इससे बड़े कारोबारी ज्यादा प्रभावित होंगे। 2,000 का नोट बंद होने की खबर आते ही शाम आठ बजे के बाद बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी।
लोग सामान खरीदने के लिए दो हजार के नोट के साथ पहुंचने लगे हैं। कुछ दुकानदार बदल रहे हैं, तो कुछ मना कर रहे हैं। ग्राहकों को भी काफी दिक्कत हो रही है। गौरतलब है कि 23 मई से लोग 2,000 के नोट को बदलवा सकेंगे। इसकी डेडलाइन 30 सितंबर तक दी गई है।
पेट्रोल पंप पर पहुंच रहे लोग
पेट्रोल पंपों पर भी जो लोग अपनी गाड़ियों में तेल भरवाने आए, उनमें से कितने ही लोग दो हजार रुपये के नोट से पेमेंट करने की कोशिश कर रहे थे। पेट्रोल पंप वालों का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर भी अब लोग पेट्रोल-डीजल भरवाकर इसकी पेमेंट दो हजार रुपये के नोट में करने की कोशिश कर रहे हैं।