पीड़ित के साथ मारपीट: एसपी का मातहतों को संदेश ... कायदे में रहो, चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
यूपी के हरदोई जिले में पीड़ित के साथ मारपीट के मामले में एसपी ने सख्ती दिखाते हुए चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
विस्तार
शिकायत में बताया था कि संडीला कोतवाली में तैनात दीवान राजीव, श्रवण कुमार वर्मा और प्रवीण प्रकाश ने उसके साथ तब मारपीट की थी जब वह अपने साथ हुई मारपीट की रिपोर्ट लिखाने गए थे। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनसे 15 हजार रुपये मांगे और फिर न देने पर मारा पीटा। बाद में कुछ रुपये देने पर उसे छोड़ दिया, लेकिन शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
एसपी ने पूरे मामले की गोपनीय जांच कराई तो कुछ बिंदुओं पर शिकायत प्राथमिक जांच में सही मिली। इस पर एसपी ने सख्त रुख दिखाते हुए तीनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसी तरह शहर कोतवाली में तैनात सिपाही उमेश कुमार का जनता से व्यवहार ठीक न होने की शिकायत पर एसपी ने उसे भी लाइन हाजिर कर दिया। एक साथ चार पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने से महकमे में खलबली मची है।
पुलिस कर्मियों की लापरवाही किसी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जो पुलिस कर्मी विभाग की छवि खराब करने की कोशिश करेंगे उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। मेहनत और ईमानदारी से सभी पुलिस कर्मी काम करें और जनता से सहज व्यवहार रखें। - केसी गोस्वामी, एसपी