सपा की तिरंगा यात्रा: अखिलेश बोले- भाजपा ज्यादा विकास नहीं विनाश चाहती है, आरएसएस पर भी तंज, कही ये बड़ी बात
सपा के घर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत कन्नौज से हुई। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को ज्यादा मजबूत होने दिया गया, तो लोगों को वोट देने का अधिकार भी छीना जा सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और सरकार पर मंगलवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1942 में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था, लेकिन भाजपा अब उद्योगपतियों की झोली भरकर उनके लिए भारत छोड़ो आंदोलन चला रही है।
आरएसएस का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा जिस पार्टी के इशारे पर चलती है वहां आज भी तिरंगा नहीं लगा। आज घर-घर तिरंगा अभियान चलाने वाले वही लोग हैं जिन्होंने कभी तिरंगे का खूब विरोध किया था। कहा कि भाजपा को ज्यादा मजबूत होने दिया गया तो लोगों को वोट देने का अधिकार भी छीना जा सकता है।
घर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करने ठठिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी के दौरान यह रुपया बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दे दिया गया और वही उद्योगपति भारत छोड़ो आंदोलन कर भारत छोड़कर चले गए। यह लोग कुछ दिन और सत्ता में रहे तो हमें और आप लोगों को गुलाम बना देंगे।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी ने देखा कि भाजपा के एक नेता ने नोएडा में महिला को कैसे अपमानित किया था। उस भाजपा नेता को मुख्यमंत्री आवास में बैठे लोग बचा रहे थे। बुलडोजर वाली सरकार में एक मंत्री को सजा मिली तो वह कोर्ट से फाइल लेकर ही भाग गया। ऐसा पहली बार हुआ और उसे भी सरकार ने बचाया। यूपी वह प्रदेश है जहां सिर्फ मंत्री ही नहीं आईपीएस भी फरार है।
सपा सरकार बनने पर झौआ का होगा कायाकल्प: अखिलेश
झौआ गांव में पूर्व मुख्यमंत्री ने सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। कहा कि सपा सरकार बनने पर गांव का कायाकल्प होगा। गांव के 14 लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में बढ़-चढ़कर योगदान दिया था और इनमें से आठ सेनानियों के परिजन अभी गांव में रहते हैं।
गांव की स्थिति बेहद खराब है और अमर उजाला ने इसे लेकर सोमवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेने के साथ ही मंगलवार को गांव पहुंचने पर अखिलेश यादव ने कहा कि गांव आने के रास्ते में एक भी मीटर सड़क सही नहीं है और गड्ढे ही गड्ढे हैं।
आगरा एक्सप्रेस-वे की ओर इशारा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यहां बड़े-बड़े हवाईजहाज उतरे थे और इनकी सड़क (बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे) पर एक बारिश में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। अगर हवाईजहाज उतर गया होता, तो सड़क समाप्त हो जाती। हमारे ठेकेदार अगर कोई काम पा जाते हैं, तो स्कार्पियो खरीद लेते हैं। लेकिन बीजेपी के जिस ठेकेदार ने सड़क बनाई है, वह हवाईजहाज ले आया। इसलिए सड़क ऐसी बनी। कहा कि रोजगार न मिलने के कारण लोग प्रदेश में कुंवारे रह जाएंगे।
भाजपा सरकार विकास नहीं विनाश चाहती है
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तिर्वा में दिनेश बाथम के होटल पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्र का झंडा फ्री वितरित करना चाहिए था, लेकिन इस पर भी जीएसटी ली जा रही है। कैसी सरकार है जो भूसे तक का पैसा ले रही है। अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर अमर उजाला में छपी खबर का उल्लेख करते हुए कहा कि समय से काम पूरे कराते तो लागत नहीं बढ़ती। सरकार विकास नहीं विनाश चाहती है।
मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि बुआ बार-बार भाजपा को समर्थन दे देती हैं, लेकिन यह बताएं कि समाज का कितना भला हुआ। दलित समाज के कितने वीसी इस समय हैं। तिर्वा में राजीव यादव के मकान पर उन्होंने सीबीएसई की परीक्षा में सर्वोच्च अंक पाने वाले दिव्यांशू, सौम्या, आराध्या और देवेश को एक-एक लैपटॉप दिया।
झौआ से जवाहरपुरवा तक सपा की विशेष बस से गए और सदस्यता अभियान की शुरुआत की। शानू सिद्दीकी और दिलीप सैनी के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। उक्त कार्यक्रमों के दौरान कृष्ण प्रकाश यादव, बलवीर सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, रामनरेश यादव, जगन्नाथ यादव, जगरुप यादव, कन्हैयालाल, अमरनाथ, वासुदेव यादव के साथ ही विजय द्विवेदी, अनिल पाल, गुलामुद्दीन, अंशुल गुप्ता, दीपू चौहान आदि मौजूद रहे।