कन्नौज: सपा मुखिया का पुतला फूंकने को लेकर विवाद, HAM के अध्यक्ष की पिटाई, जड़े थप्पड़ और सड़क पर पटका, हंगामा
Kannauj News: मकरंदनगर तिराहे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने पहुंचे हिंदुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही सपा नेत्री ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए और सड़क पर पटक दिया, जिससे करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी मची रही।
विस्तार
कन्नौज जिले में शहर के मकरंदनगर तिराहे पर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। सपा मुखिया अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने पहुंचे हिंदुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में पीट दिया।
बताया गया कि हिंदुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ पुतला लेकर तिराहे पर पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही सपा नेत्री और कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। पुतला फूंकने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
बीच-बचाव करते दिखे पुलिसकर्मी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सपा नेत्री ने मंच के अध्यक्ष को थप्पड़ जड़ दिए और अन्य सपाइयों ने उसे सड़क पर पटक दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते दिखे, जबकि कुछ खड़े होकर वीडियो बनाते रहे। घटना से तिराहे पर हड़कंप मच गया और करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया
सूचना पर करीब 25 मिनट बाद शहर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे, तब सपा कार्यकर्ता वहां से निकल। पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। हिंदुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष ने सपाइयों पर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर देने की बात कही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।