UP: पटना-कोटा एक्सप्रेस की चपेट में आकर आरपीएफ जवान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
यूपी के कानपुर देहात में आरपीएफ जवान की मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
कानपुर देहात के रूरा में रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार को तड़के अवध एक्सप्रेस ट्रेन में चेन पुलिंग की सूचना मिलने पर पहुंचे आरपीएफ जवान की डाउन रेलवे लाइन पर आ रही पटना-कोटा एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दिल्ली की ओर जा रही अवध एक्सप्रेस गुरुवार को तड़के लगभग 3:35 बजे रूरा रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां ट्रेन का ठहराव न होने से किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी। इससे ट्रेन स्टेशन के आगे रूरा रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ने पहुंचकर चेन खींचने वाले की तलाश शुरू कर दी। टीम के साथ आरपीएफ जवान दया किशोर (35) निवासी दारा नगर फिरोजाबाद भी मौजूद थे। लगभग 3:45 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इसके बाद आरपीएफ कर्मी वापस जाने लगे।
अवध एक्सप्रेस के जाते ही अप लाइन पर आ रही कोटा पटना एक्सप्रेस की चपेट में आकर दया किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आरपीएफ थाना फफूंद प्रभारी रजनीश राय ने दारा नगर फिरोजाबाद परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर दया किशोर के भाई राज किशोर मौके पर पहुंचे।
आए दिन होती है चेन पुलिंग की घटनाएं
रेलवे स्टेशन पर अवध एक्सप्रेस व श्रम शक्ति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में लगभग रोजाना चेन पुलिंग की घटनाएं होती हैं। स्टेशन पर ठहराव ने होने से आसपास के यात्री चेन पुलिंग कर उतर जाते हैं। ऐसे में कभी-कभी हादसा भी हो जाता है। डीआरएम पीआरओ अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि आरपीएफ कर्मी के साथ हुई घटना की जानकारी नहीं है। चेन पुलिंग को लेकर कई माध्यमों से यात्रियों को जागरूक किया जा चुका है। चेन पुलिंग करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।