कानपुर: 500 करोड़ का क्रिसमस का बाजार खा गया टैरिफ, अब नए साल के 300 करोड़ के ऑर्डर पर संकट, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
Kanpur News: अमेरिका के नए टैरिफ प्रस्ताव से निर्यातकों में खलबली मच गई है, क्योंकि पहले से लागू भारी शुल्क और युद्ध के चलते क्रिसमस का 500 करोड़ रुपये का बाजार हाथ से निकल चुका है। अब 25 जनवरी 2027 के बाद 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क लागू होने की आशंका से अगले साल के 300 करोड़ के ऑर्डरों पर संकट मंडरा रहा है।
विस्तार
कानपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से भारत पर प्रस्तावित किए गए टैरिफ पर निर्यातकों और निर्यात संगठनों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि पहले से लग रहे भारी भरकम टैरिफ और युद्ध के चलते क्रिसमस का 500 करोड़ का बाजार निर्यातकों को नहीं मिल सका। अब नए टैरिफ से अगले साल के 300 करोड़ के निर्यात ऑर्डरों पर संकट मंडरा रहा है। निर्यातकों का कहना है कि यदि टैरिफ लगने से पहले ट्रेड डील हो गई, तो पूर्व के स्तर पर निर्यात पहुंच सकता है।
हालांकि, नया अतिरिक्त शुल्क 25 जनवरी 2027 के बाद ही लग सकेगा। फियो उत्तर प्रदेश के प्रमुख आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि पहले से अलग-अलग उत्पादों पर 22.50 प्रतिशत टैरिफ लागू है। अमेरिका का प्रस्ताव है कि भारत से आने वाले सामान पर अधिकतम 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क लगाया जा सकता है। हालांकि यदि भारत अमेरिका के साथ ऐसा पारस्परिक व्यापार समझौता करता है, जो अमेरिकी जांच में उठाई गई चिंताओं का समाधान करता है।
जनवरी से शुरु होने वाले कंसाइनमेंटों पर मंडरा रहा है संकट
यह शुल्क दर 17 प्रतिशत रखी जा सकती है। यह भी स्पष्ट किया गया है 25 प्रतिशत आयात शुल्क तत्काल लागू नहीं किया जाएगा। इस संबंध में अंतिम निर्णय और शुल्क लगाने की कार्रवाई 25 जनवरी 2027 को या उसके बाद ही हो सकती है, लेकिन अचानक इस एलान से निर्यातकों में खलबली मच गई है। क्रिसमस का बाजार बहुत प्रभावित हो रहा है। इस दौरान शहर का निर्यात सबसे ज्यादा होता था। अब निर्यातकों के सामने जनवरी से शुरु होने वाले कंसाइनमेंटों पर संकट मंडरा रहा है।
टैरिफ के कारण भी भारतीय उत्पादों की कीमतें बढ़ी
चर्म निर्यात परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यादवेंद्र सचान का कहना है कि शहर के निर्यातक पहले से ही अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध, होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही, कच्चे माल की बढ़ती कीमतें और महंगा मालभाड़ा कारोबार की लागत बढ़ा रहे हैं। मौजूदा अमेरिकी टैरिफ के कारण भी भारतीय उत्पादों की कीमतें बढ़ी हैं।
व्यापार समझौते को लेकर बनी हुई है अनिश्चितता की स्थिति
अब प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्क लागू हुआ, तो अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और प्रभावित होगी। आयात-निर्यात विशेषज्ञ जफर फिरोज ने बताया कि अमेरिका द्वारा भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव और दूसरी ओर भारत द्वारा 17 प्रतिशत आयात टैरिफ की मांग किए जाने से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर कानपुर के चमड़ा उद्योग और विशेष रूप से चमड़ा उत्पाद निर्यात पर देखने को मिल रहा है।
अमेरिका को लगातार घट रहा है निर्यात
अमेरिका को शहर से लगातार निर्यात पहले से कम होता जा रहा है। पिछली छमाही में शहर के निर्यात में 281 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी। इससे पहले की तिमाही में भी 571 करोड़ रुपये का निर्यात घटा था। वर्ष 2024 में शहर से 1800 करोड़ रुपये के चमड़ा उत्पादों का निर्यात हुआ था जो 2025 में बढ़कर 2300 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि 2026 में यह घटकर करीब 1300-1400 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले साल भी 300-400 करोड़ का क्रिसमस का कारोबार निर्यातकों को नहीं मिल सका था।
अप्रैल 2025 से चल रहा टैरिफ संकट
अमेरिका के साथ भारत का यह टैरिफ संकट लगभग 19 महीने से चल रहा है। इसकी शुरुआत अप्रैल 2025 में पारस्परिक शुल्कों के साथ हुई थी और अगस्त 2025 में 50 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ने के बाद यह संकट गहरा गया था। अमेरिका ने भारतीय आयात पर शुरुआती पारस्परिक शुल्क लगाए (2 अप्रैल 2025 को 26 प्रतिशत और फिर 10 प्रतिशत आधार दर) के साथ लागू किया था। अगस्त 2025 में व्यापारिक तनाव और रूसी तेल आयात से जुड़े विवाद के चलते अमेरिकी शुल्क बढ़कर 50 तक पहुंच गया था। फरवरी 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने पारस्परिक टैरिफ नीति को रद्द किया था जिसके बाद नए वैश्विक व सेक्शन 301 शुल्कों के दौर शुरू हुए।
