Chitrakoot: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, बैंककर्मी की दर्दनाक मौत, शव मोर्च्यूरी में रखवाया
Chitrakoot Accident: रैपुरा थाना क्षेत्र में ऐचुवारा नहर संपर्क मार्ग पर रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बैंककर्मी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्च्यूरी में रखवाया है।
विस्तार
चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐचुवारा नहर संपर्क मार्ग पर रोडवेज बस ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मृत्यु हो गई। घर में सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मोर्च्यूरी में रखवाया है।
थाना क्षेत्र में सुबह लगभग 4.30 बजे रोडवेज बस की ठोकर से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। ग्राम प्रधान रामपुर और परिजनों ने बताया कि मृतक राकेश (28) उर्फ रामहित यादव पुत्र सत्य नारायण यादव निवासी रामपुर, प्रयागराज के हंडिया में एचडीएफसी बैंक में नौकरी करता था।
बीते दिन अपनी बहन के घर शिवरामपुर चौकी अंतर्गत बीहारा से आज सुबह-सुबह ड्यूटी के लिए प्रयागराज जा रहा था। इस दौरान रैपुरा थाना अंतर्गत ग्राम भौंरी राष्ट्रीय राज्य मार्ग में कर्वी से प्रयागराज जा रही अनुबंधित रोडवेज बस ने ठोकर मार दी, जिसमें राकेश की मौत हो गई।
बस के बारे में जुटाई जा रही है जानकारी
वहीं बस भी मौके से निकल गई। सूचना पर पहुंची रैपुरा पुलिस द्वारा शव को मोर्च्यूरी हाउस भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरी ऐचुवरा नहर एनएच 35 राज्य मार्ग पर हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। बस के बारे में पता किया जा रहा है।