यूपी: तेज रफ्तार लोडर ने कार में मारी टक्कर, आठ की हालत गंभीर
यूपी के कानपुर देहात में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां लोडर व कार की जोरदार भिडंत हो गई। घटना में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर नहर कोठी के पास की है। यहां मुगल मार्ग पर कार व तेज रफ्तार लोडर वाहन की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में कार सवार दो मासूम सहित आठ लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायलों को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिकी उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कार चालक सहित दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं दुर्घटना में लोडर वाहन भी पचास मीटर तक घिसटकर पलट गया जबकि लोडर चालक फरार हो गया।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के खोजाफूल गांव निवासी सतीश कटियार की पत्नी सुलेखा देवी ने बताया कि सोमवार को सट्टी थाना क्षेत्र के विरमा गांव निवासी ममेरे भाई नितेन्द्र कटियार पुत्र सतीश कटियार के तिलक समारोह में शामिल होने सपरिवार गये थे। मंगलवार को वह कार से वापस लौट रहे थे। तभी राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर नहर कोठी के समीप मुगल मार्ग पर राजपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी।
दुर्घटना में सुलेखा के पति सतीश कटियार पुत्र रधुनाथ कटियार (40) निवासी खोजाफूल मासूम पुत्रियां सौम्या (9) अनन्या (6) सहित उसकी माता सुनीता पत्नी लल्लन बाबू निवासी मिरगाव, कार चालक ननदोई ब्रजेन्द्र कटियार पुत्र श्रीराम कटियार, ननद मोहिनी (20) पुत्री राममिलन सहित रिश्तेदार रामदुलारी कार में दबकर घायल हो गए। चीख पुकार सुन राहगीरों ने थाना पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज महेंद्र सिंह ने घायलों को राजपुर पीएचसी मे भर्ती कराया। जहां चिकित्सक डॉ डीके सिंह ने प्राथमिकी उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कार चालक ब्रजेन्द्र कटियार व सतीश कटियार की गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले में कस्बा इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में लोडर अनियंत्रित होकर मुगल मार्ग के किनारे पलट गया। वहीं लोडर चालक फरार हो गया है। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही होगी।