Kanpur: खलिहान से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, लेखपाल के साथ बदसलूकी; ग्रामीणों ने तोड़ी जेसीबी
Kanpur News: घाटमपुर तहसील क्षेत्र के केवड़िया गांव में खलिहान की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान पथराव, हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया है।
विस्तार
तहसील क्षेत्र के केवड़िया गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान न केवल लेखपाल के साथ हाथापाई और बदसलूकी की गई, बल्कि उग्र भीड़ ने जेसीबी मशीन पर पथराव कर उसके शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस ने इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमले की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खलिहान की भूमि पर था कब्जा
जानकारी के मुताबिक, केवड़िया गांव में खलिहान की सुरक्षित भूमि पर कुछ दबंगों ने लंबे समय से अवैध अतिक्रमण कर रखा था। इसकी शिकायत तहसील प्रशासन से की गई थी। गुरुवार को तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ अतिक्रमण ढहाने गांव पहुंची थी। जैसे ही जेसीबी ने अवैध निर्माण को गिराना शुरू किया, ग्रामीण लामबंद हो गए और विरोध शुरू कर दिया।
टीम को घेरकर किया हमला
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने राजस्व टीम को घेर लिया। मौके पर मौजूद लेखपाल के साथ कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव कर दिया। हमले के दौरान पथराव से जेसीबी मशीन के शीशे चकनाचूर हो गए, जिससे टीम को पीछे हटना पड़ा।
पुलिस की कार्रवाई और मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया, जिसके बाद उपद्रवी वहां से भाग निकले। राजस्व विभाग की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद और अज्ञात में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और राजस्व टीम पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।