कानपुर के पास रेल हादसा, दो हिस्सों में बटी मालगाड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के शुक्लागंज गंगाघाट रेलवे स्टेशन के नजदीक कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी की कपलिंग खुल गई। इससे ट्रैक से गुजर रही मालगाड़ी दो भागों में बंट गई। यह देखकर क्रॉसिंग पर खड़े लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पर रेल कर्मचारियों के होश उड़ गए। इससे करीब 30 मिनट तक कानपुर लखनऊ का डाउन रेल पथ बाधित रहा।
शनिवार शाम करीब 5:15 बजे कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली मालगाड़ी के दो वैगन की कपलिंग गंगाघाट रेलवे स्टेशन के निकट खुल गईं। इससे मालगाड़ी दो भागों में बंट गई। मालगाड़ी की गति धीमी होने से हादसा टल गया। सूचना पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने कपलिंग जोड़ कर मालगाड़ी को लखनऊ के लिए रवाना किया। इसमें करीब 30 मिनट लग गए। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि मालगाड़ी के लोको पायलट के अनुसार झटके महसूस होने पर उसने पीछे की ओर देखा। इसके बाद मालगाड़ी रोकी। चालक ने मुझे और कंट्रोल को जानकारी दी। इस दौरान कोई भी ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।
चटकी पटरी से गुजर गई मालगाड़ी
शुक्लागंज गंगाघाट और मगरवारा स्टेशन के निकट रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार की देर रात डाउन रेल पथ के एक ज्वाइंट के पास रेल पटरी चटक गई। इस पर से मालगाड़ी गुजरने के दौरान पायलट को झटके लगे तो उसने कंट्रोल रूम और मगरवारा स्टेशन मास्टर को जानकारी दी। पटरी चटकने की जानकारी पर रेल विभाग में हड़कंप मच गया।
मगरवारा रेलवे स्टेशन से पहले पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार की रात करीब 11:30 बजे कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली रेल पथ की पटरी चटक गई। रेल सूत्रों के अनुसार मालगाड़ी के गुजरने के दौरान लोको पायलट ने कंट्रोल को सूचना दी। पायलट के अनुसार जब मालगाड़ी का आखिरी वगैन निकला तो जोर का झटका लगा। साथ ही तेज आवाज हुई। इससे गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। इसके बाद मगरवारा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को रोककर कंट्रोल को सूचना दी। रेल पथ विभाग के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। इन्होंने टूटी पटरी को जोड़ा। इस दौरान करीब दो घंटे तक कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग बाधित रहा। इस कारण देर रात्रि लखनऊ की ओर जाने वाली एलकेएम को गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं दो एक्सप्रेस ट्रेनों को कानपुर में ही रोके जाने की बात कही गई।