Kanpur: काकादेव पुलिस के गुडवर्क पर सवाल, दावा- 80% जेवरों की हुई रिकवरी, पीड़ित ने नकारा…ACP ने शुरू की जांच
Kanpur News: डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी के मुताबिक चोर की ओर से पार करके बेचे गए सोने को सर्राफ ने गला दिया है। सर्राफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों के सामने चुराया गया 80 में से 60 ग्राम सोना बरामद हो गया है। उसे दाखिल कर दिया गया है। कोई सोना गायब नहीं है।
विस्तार
कानपुर में काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के घर लाखों की चोरी में हुई बरामदगी पर सवाल खड़े होने लगे हैं। एडिशनल सीपी ने मामले की जांच एसीपी स्वरूपनगर को दे दी है। पुलिस का दावा है कि पीड़ित द्वारा बताए गए 80 ग्राम में से 60 ग्राम सोने के जेवर की बरामदगी सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के सामने हुई है।
वहीं, पुलिसकर्मी ने बरामदगी में सिर्फ उनकी पायल मिलने का दावा किया है। एसीपी मंगलवार को पीड़ित का बयान दर्ज करेंगे। शास्त्रीनगर निवासी दिनेश पाल सिंह पुलिस हेड कांस्टेबल प्रोन्नतमान (एचसीपी) के पद से सेवानिवृत्त हैं। नौ जनवरी को घर से 12 लाख के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। काकादेव पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर सोना बरामद कर लिया।
पीड़ित के मुताबिक ये सामान है गायब
हालांकि पीड़ित का कहना है कि उसे सिरर्फ पायल मिली है। इसी पर सोना बरामदगी की जांच एसीपी स्वरूपनगर आईपी सिंह ने शुरू कर दी है। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के मुताबिक टप्पेबाज चार साेने की चूड़िया, दोनों कानों की लटकन, एक अंगूठी, एक सोने की जंजीर, एक मंगलसूत्र, तीन पायल की जोड़ी चांदी और एक चांदी का सिक्का गायब किया था।
एसीपी स्वरूपनगर कर रहे है जांच
डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी के मुताबिक चोर की ओर से पार करके बेचे गए सोने को सर्राफ ने गला दिया है। सर्राफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों के सामने चुराया गया 80 में से 60 ग्राम सोना बरामद हो गया है। उसे दाखिल कर दिया गया है। कोई सोना गायब नहीं है। बाकी मामले की जांच एसीपी स्वरूपनगर कर रहे है।
बर्खास्त भी हो चुका पुलिसकर्मी
सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी दिनेश पाल पनकी थाने में तैनात रह चुका है। इस दौरान उस पर एनडीपीएस के मुल्जिम को भगाने का आरोप लगा था। शास्त्रीनगर चौकी में तैनाती के दौरान उसपर एक मकान पर कब्जा कराने का आरोप लगा। उसे बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि बाद में वह हाईकोर्ट से बहाल हो गया था।