UP: पीएम मोदी ने शिवान्या को भेजी चिट्ठी, लिखा- आपने प्रस्तुत की सशक्त व बदलते भारत की तस्वीर
सीएसए में 30 मई को हुई जनसभा के दौरान पंडाल में मौजूद शिवान्या ने ऑपरेशन सिंदूर पर बनाई गई अपनी पेंटिंग मंच पर मौजूद पीएम मोदी को दिखाई थी।
विस्तार
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपने मन के भावों को जिस तरह आपने कैनवास पर उतारा है, उसे देखकर मैं अभिभूत हूं।... अपनी पेंटिंग के जरिये आपने एक सशक्त और बदलते भारत की तस्वीर प्रस्तुत की है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप जैसे युवा साथी इस संकल्प की सिद्धि में अहम भूमिका निभाएंगे। यह बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहर निवासी सातवीं की छात्रा शिवान्या तिवारी को भेजी गई चिट्ठी में लिखी हैं। सोमवार को चिट्ठी छात्रा के घर पहुंची।
सीएसए में 30 मई को हुई जनसभा के दौरान पंडाल में मौजूद शिवान्या ने ऑपरेशन सिंदूर पर बनाई गई अपनी पेंटिंग मंच पर मौजूद पीएम मोदी को दिखाई थी। उन्होंने अपने संबोधन के शुरुआत में ही छात्रा के प्रयास की सराहना की थी और एसपीजी को निर्देश देकर इस छात्रा के साथ एक अन्य बालिका की पेंटिंग अपने पास मंगवाई थी। उन्होंने कहा था कि वह उन्हें चिट्ठी लिखेंगे। प्रधानमंत्री ने यह वादा पूरा करते हुए शिवान्या को चिट्ठी लिखी।
इसमें उन्होंने आगे लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे देश की सेनाओं के पराक्रम ने प्रत्येक देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आतंकवाद के खिलाफ यह ऑपरेशन साहस, स्वाभिमान और संकल्प से भरे एक नए भारत का संदेश है। चित्रकला मन के भावों को व्यक्त करने का एक प्रभावी माध्यम है, जो हमारी कल्पनाओं को मूर्त रूप देती है। शिवान्या के अनुसार उसने पेंटिंग में ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई, भारत मां और प्रधानमंत्री की आक्रामक मुद्रा को दर्शाया था। प्रधानमंत्री व सेना को धन्यवाद संदेश देने के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को भी दर्शाया था।