पीईटी-2026: कानपुर समेत अन्य जिलों में परीक्षा शुरू, सख्त चेकिंग के बाद मिला प्रवेश, बाली-जूते-चप्पल भी उतरवाए
UP PET Exam News: कानपुर, हमीरपुर, औरैया, बांदा, फतेहपुर और फर्रुखाबाद समेत अन्य जिलों में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। हमीरपुर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत कुल 12 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हो रही है, जिसमें दोनों पालियों में कुल 10,272 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। वहीं, फर्रुखाबाद में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा रविवार को सुबह से ही शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। कानपुर, बांदा, औरैया, हमीरपुर, फर्रुखाबाद समेत अन्य जनपदों में परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ और लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन द्वारा नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हमीरपुर में 12 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा
हमीरपुर जिले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को दो पालियों में बांटा गया है—पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित हो रही है। प्रत्येक पाली में 5,136 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिससे दोनों पालियों को मिलाकर कुल 10,272 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। केंद्रों के बाहर चस्पा की गई सूचियों में अभ्यर्थी अपना अनुक्रमांक और परीक्षा कक्ष तलाशते नजर आए। परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और हर गतिविधि पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।
फर्रुखाबाद में 22 केंद्रों पर सघन तलाशी के बाद प्रवेश
उधर, फर्रुखाबाद जनपद में भी 22 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा का कड़ा इम्तिहान शुरू हुआ। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा के कड़े मानकों के चलते महिला अभ्यर्थियों के कानों से बाली, हाथों से ब्रेसलेट और चेन तक उतरवा ली गई। साथ ही, परीक्षार्थियों को अपने जूते-चप्पल भी गेट के बाहर ही उतारने पड़े। कड़ाई के बावजूद अभ्यर्थियों ने व्यवस्था को संतोषजनक बताया और समय से केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा में हिस्सा लिया।
औरैया में आठ केंद्रों पर पीईटी परीक्षा शुरू
औरैया जिले में रविवार सुबह आठ केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुरू हुई। परीक्षा में नकल रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के मुख्य गेट पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों के कानों से बालियां, हाथों से ब्रेसलेट और चेन तक उतरवा ली गईं। कई अभ्यर्थियों को जूते-चप्पल भी बाहर उतारने पड़े। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं। प्रवेश से पहले सभी की जांच की गई। जिला प्रशासन की ओर से केंद्रों पर पुलिस बल, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य कर्मचारी तैनात रहे। नकल पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की गई।
बांदा में नौ परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा जारी
बांदा जनपद के नौ परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी रही। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पुलिस का पहरा रहा। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। परीक्षा में शामिल होने पहुंचे अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों के आसपास पहुंचने लगे। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के बाहर अलग-अलग नजारे देखने को मिले। कुछ अभ्यर्थी परीक्षा की तैयारी के चलते थकान दूर करने के लिए केंद्रों के बाहर ही नींद पूरी करते नजर आए, तो कुछ अंतिम समय में किताबों और नोट्स को खंगालकर महत्वपूर्ण सवालों को दोहराते रहे। कई अभ्यर्थी आपस में प्रश्नों पर चर्चा करते हुए भी दिखाई दिए। परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की तैनाती के चलते आसपास निगरानी बनी रही। अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित समय का ध्यान रखा। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की गतिविधियां जारी रहीं, जबकि अंदर परीक्षा का आयोजन कराया गया। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में शामिल होने के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा को लेकर उत्सुकता के साथ तैयारी का दबाव भी दिखाई दिया। कोई शांत बैठकर आराम करता नजर आया, तो कोई परीक्षा शुरू होने से पहले तक पढ़ाई में जुटा रहा।
डीएम-एसपी ने पीईटी केंद्र का किया निरीक्षण
फतेहपुर जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मलवां का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
कानपुर में 21 केंद्रों पर पीईटी, एंट्री से पहले जूते उतरवाए
कानपुर में यूपीएसएसएससी की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की परीक्षा 21 सेंटर पर हो रही है। पहली पाली के लिए रविवार की सुबह सूरज निकलने से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लाइन लग गई। एंट्री से पहले केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की कतारें लगवाई गईं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए शहर में कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें करीब 9,288 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कई अभ्यर्थी बाहर जिले से भी आए हैं।