कानपुर। शहर में पुराने बिजली मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इन मीटरों से उपभोक्ताओं को बिल संबंधी कई परेशानियां हो रही हैं। मैसेज न आने, माइनस बिल और बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार को संख्या में लोग केस्को दफ्तर पहुंचे लेकिन सुनवाई नहीं हुई। नाराज लोगों ने बर्रा विश्व बैंक ई-खंड स्थित भुइयां रानी उद्यान में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी स्कूल में रखे नए मीटरों वाले कमरे पर ताला जड़ दिया। उन्होंने केस्को की मीटर लेने आई गाड़ी को भी वापस लौटा दिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को भी घेरा गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समस्या दूर न होने पर आंदोलन तेज होगा।
वहीं, जीनस जनसंपर्क विभाग ने पत्र जारी कर कहा कि सभी मीटर केंद्रीय भंडार में सुरक्षित रखे जाते हैं। प्रतिदिन 900 से 1000 मीटर लगाए जा रहे हैं। स्थापना कार्य के दौरान 200-250 मीटर अस्थायी रूप से रखे जाते हैं। विभाग के अनुसार, सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित स्थान स्थायी भंडारण स्थल नहीं हैं।