Kanpur: बारावफात को लेकर पीस कमेटी की बैठक, जुलूस के मार्ग और समय का पालन करने की अपील
Kanpur News: बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को बेकनगंज थाना क्षेत्र की सद्भावना चौकी में पीस कमेटी की बैठक हुई।
विस्तार
आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बेकनगंज थाना क्षेत्र स्थित सद्भावना चौकी परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में क्षेत्र के जुलूस आयोजकों, प्रबंधकों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
तय रूट और समय सारिणी का करें पालन
बैठक को संबोधित करते हुए डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बारावफात के जुलूस के दौरान पूर्व निर्धारित मार्गों और समय सीमा का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि वे जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में स्थानीय पुलिस का सहयोग करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अफवाह और सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी ने नागरिकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या समस्या की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या कंट्रोल रूम को दें।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पर्व के दौरान संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और खुफिया टीमों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त करेगा। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज मंजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक बेकनगंज मो. मतीन खान समेत अन्य पुलिस अधिकारी व क्षेत्रीय संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।