Orai: ‘मेटा’ से मिला सुसाइड अलर्ट, सात मिनट में पहुंची पुलिस, छात्र को मौत के मुंह से निकाला, परिजनों को सौंपा
Orai News: मेटा द्वारा भेजे गए सुसाइडल अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए माधौगढ़ पुलिस ने सात मिनट में एक युवक के घर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। मानसिक तनाव के चलते युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था।
विस्तार
उरई जिले में मेटा के सुसाइडल अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए माधौगढ़ पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक की जान बचा ली। युवक ने मानसिक तनाव में आत्महत्या संबंधी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। सूचना मिलते ही पुलिस महज सात मिनट में उसके घर पहुंच गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
थाना माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुरा निवासी दीपेन्द्र गौतम आईटीआई का छात्र है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते वह मानसिक अवसाद में था। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर दिया, जिस पर मेटा कंपनी की ओर से पुलिस मुख्यालय को अलर्ट भेजा गया।
बेसुध अवस्था में मिला युवक
मुख्यालय से सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिलाष कुमार मिश्र, कांस्टेबल मनीष शुक्ला और रिक्रूट कांस्टेबल गौरव कुमार युवक के घर पहुंचे। वहां युवक बेसुध अवस्था में मिला, जिसे परिजनों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य हो गई।
युवक और उसके परिजनों की काउंसलिंग
पुलिस ने युवक और उसके परिजनों की काउंसलिंग की। युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का लिखित और मौखिक आश्वासन दिया। परिजनों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। इस घटना को लेकर इलाके में चर्चाएं हो रही हैं।