Orai: आवारा कुत्ते का आतंक; दो मोहल्लों में 10 लोगों को काटकर किया घायल, दौड़ा-दौड़ाकर काटा…इलाके में दहशत
Orai News: उरई के कोंच नगर में आवारा कुत्ते के आतंक से भगत सिंह नगर और आज़ाद नगर मोहल्लों में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की निष्क्रियता पर रोष जताया है।
विस्तार
उरई में कोंच नगर के दो मोहल्लों में शनिवार को आवारा कुत्ते ने लोगों पर अचानक हमला बोल दिया। भगत सिंह नगर और आज़ाद नगर में करीब दस लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घायल लोगों को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां सभी का उपचार चल रहा है।
लोगों ने बताया कि आजाद नगर भगत सिंह नगर में रविवार की सुबह से ही एक आवारा कुत्ता गलियों में घूमते हुए लोगों पर झपट्टा मारता रहा। कुत्ता तेज रफ्तार से दौड़कर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाता रहा। हमलों की सूचना मिलते ही मोहल्लों में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डरने लगे।
अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई
कुत्ते के हमले में वहीद, हाजी अहमद, दयाशंकर, शिवमोहन, मुन्नी, जितेंद्र, बालमुकुंद सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर पालिका की तरफ से अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।