उरई मेडिकल कॉलेज विवाद: एमबीबीएस इंटर्न पर कार्रवाई की मांग, 300 नर्सिंग छात्र धरने पर बैठे, कार्य बहिष्कार
Orai News: उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को एमबीबीएस इंटर्न और बीएससी नर्सिंग छात्रों के बीच हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे करीब 300 नर्सिंग छात्र-छात्राएं परिसर में धरने पर बैठ गए और कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया।
विस्तार
उरई राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को एमबीबीएस इंटर्न और बीएससी नर्सिंग छात्रों के बीच हुई मारपीट के विरोध में बुधवार सुबह करीब 11 बजे नर्सिंग कॉलेज के लगभग 300 छात्र-छात्राएं मेडिकल परिसर में धरने पर बैठ गए। छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मारपीट में शामिल एमबीबीएस इंटर्न के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
धरने पर बैठे छात्रों ने नारे लगाए कि एमबीबीएस के छात्र गुंडे हैं, इन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। छात्रों का कहना है कि मंगलवार को इमरजेंसी में नर्सिंग छात्रों के साथ मारपीट की गई थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके बावजूद अभी तक आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
कार्य बहिष्कार जारी रखने की बात कही
छात्रों ने कहा कि जब तक मारपीट करने वाले एमबीबीएस इंटर्न के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। छात्रों ने कार्य बहिष्कार भी जारी रखने की बात कही है। उनका कहना है कि वह इमरजेंसी और क्लीनिकल गतिविधियों में काम नहीं करेंगे।
पांच सदस्यीय जांच समिति गठित
मंगलवार की घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चार छात्रों को सात दिन के लिए क्लीनिकल और प्रशिक्षण गतिविधियों से विरत किया गया है। इनमें तीन बीएससी नर्सिंग छात्र और एक एमबीबीएस इंटर्न शामिल हैं। हालांकि नर्सिंग छात्र प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।